सैन्य अस्पताल के दो कर्मी, स्टाफ नर्स समेत 13 नए पॉजिटिव
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद जनपद में कोरोना संक्रमण का कहर बढ़ता ही जा रहा है। शुक्र
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : जनपद में कोरोना संक्रमण का कहर बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में 13 लोग संक्रमित मिले। इनमें दो किशोरी, एक युवती, पांच महिलाओं में व लोहिया अस्पताल की स्टाफ नर्स, गर्भवती के अलावा सैन्य अस्पताल के दो कर्मचारी शामिल हैं। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 309 हो गई है। जब कि 208 लोग ठीक हो चुके हैं। दस लोगों की मौत हो चुकी है। 91 मरीजों का इलाज जारी है।
फतेहगढ़ छावनी स्थित सैन्य अस्पताल में कार्यरत पश्चिम बंगाल निवासी 36 वर्षीय स्पेशल ट्रीटमेंट असिस्टेंट के अलावा रि-इम्पलाइमेंट में भर्ती 52 वर्षीय फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नगला नैन निवासी पूर्व सैनिक संक्रमित पाए गए हैं। सैन्य अस्पताल के क्वारंटाइन में भर्ती मरीज के पॉजिटिव पाए जाने के बाद सैन्य अस्पताल कर्मचारियों का सैंपल टेस्ट के लिए लखनऊ कमांड अस्पताल भेजा गया था। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उधर, मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव कमालपुर निवासी गर्भवती का इलाज कानपुर में चल रहा है। प्रसव कराने से पूर्व उसकी कानपुर में जांच कराई गई थी। शुक्रवार को वह भी पॉजिटिव पाई गई। युवक ने बताया कि उसकी पत्नी कानपुर में हैं। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के बजरिया निवासी पॉजिटिव युवक के संपर्क में आने से उसकी 14 वर्षीय पुत्री और 68 वर्षीय पिता संक्रमित पाए गए। इसी मोहल्ले का 25 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव पाया गया। शमसाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला दलमीर खां निवासी पॉजिटिव सहकारी समिति के कर्मचारी के संपर्क में आने से उसकी भाभी भी संक्रमित हो गई। इसी प्रकार मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव गढि़या ढिलावल निवासी पॉजिटिव महिला के संपर्क में आने से उसकी 16 वर्षीय पौत्री भी संक्रमित हो गई। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अंगूरीबाग निवासी 42 वर्षीय महिला ने बुखार आने पर जांच कराई तो वह पॉजिटिव आई है। मोहल्ला श्यामनगर निवासी 26 वर्षीय युवती, सुभाष नगर बजरिया निवासी 31 वर्षीय युवक और लोहाई रोड निवासी 56 वर्षीय महिला भी पॉजिटिव पाई गई। 56 वर्षीय महिला के पति की रेडीमेड की दुकान नेहरू रोड बाजार में है। महिला की जांच लखनऊ में कराई गई थी। इस समय महिला लखनऊ में ही भर्ती है। शुक्रवार को महिला के पुत्र, पुत्रवधू और पुत्री ने लोहिया अस्पताल में जांच कराई। लोहिया अस्पताल की स्टाफ नर्स भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। गुरुवार को हालत बिगड़ने पर नर्स को सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया था। लोहिया अस्पताल की ट्रूनॉट मशीन से कराई गई जांच में भी स्टाफ नर्स पॉजिटिव पाई गई थी।