मकान पर कब्जे के विवाद में लाठी-डंडे चले, फूट-फूटकर रोई घायल युवती
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद मकान पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद में शुक्रवार सुबह दो पक्ष्
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : मकान पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद में शुक्रवार सुबह दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें युवती व उसके पिता घायल हो गए। दूसरे पक्ष के भी चोटें आईं। घायल युवती ने नाला मछरट्टा तिराहा पर पुलिस के सामने चीख-चीखकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने दोनों ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया। शहर कोतवाली के मोहल्ला नाला मछरट्टा दरीबा पश्चिम निवासी विद्यासागर पांडेय एवं दूसरे पक्ष की ममता देवी के बीच मकान पर स्वामित्व को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष मकान के निकास को लेकर काफी दिनों से शिकवा-शिकायतें कर रहे हैं। इसी के लेकर सुबह विवाद बढ़ गया और जमकर मारपीट हुई। नीलम लहूलुहान हो गईं। उनके पिता विद्यासागर के भी चोटें आईं। घायल नीलम नाला मछरट्टा पहुंचीं। वहां घोड़ानखास चौकी प्रभारी शंकरानंद व अन्य पुलिस कर्मी खड़े थे। नीलम फूट-फूटकर रोयी और न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता के देवर लल्ला पांडेय एक भाजपा नेता के निजी अंगरक्षक हैं। इसी वजह से वह दबंगई कर रही हैं। पुलिस ने नीलम की ओर से ममता देवी आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। दूसरी ओर से ममता पांडेय ने नीलम व विद्यासागर के खिलाफ मारपीट व मंगलसूत्र तोड़ लेने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने घायलों का लोहिया अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया।