टेंट हटवाने को थाना प्रभारी ने भाजपा की महिला नेता को हड़काया
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद एमएलसी चुनाव में शहर के भारतीय पाठशाला इंटर कालेज मतदान के
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : एमएलसी चुनाव में शहर के भारतीय पाठशाला इंटर कालेज मतदान केंद्र से कुछ दूरी पर भाजपा ने अपने बिस्तर के लिए सड़क के किनारे टेंट लगाया था। तहसीलदार सदर व मऊदरवाजा थाना प्रभारी ने सुबह वहां पहुंचकर टेंट हटाने के लिए भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से कहा। दोपहर तक टेंट नहीं हटा तो सिटी मजिस्ट्रेट व कोतवाली प्रभारी ने आकर अनुरोध किया। कुछ देर बाद थाना प्रभारी तहसीलदार के साथ फिर आ गए। उन्होंने वहां मौजूद महिला नेता को हड़का दिया। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी ने थाना प्रभारी की भाषाशैली पर सवाल खड़े किए। इस पर नोकझोंक हो गई। बाद में टेंट हटवा दिया गया।
लोहाई रोड पर भाजपा के बिस्तर पर लगे टेंट को हटाने के लिए तहसीलदार राजू कुमार व मऊदरवाजा थाना प्रभारी जेपी शर्मा वहां पहुंचे। वहां महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बबिता पाठक, मीरा सिंह व चित्रा अग्निहोत्री मौजूद थीं। थाना प्रभारी ने टेंट हटवाने के लिए कहा। भाजपा नगर पश्चिमी मंडल के नगर अध्यक्ष विकास पांडेय ने कुछ देर में टेंट हाउस कर्मी को बुलाकर टेंट हटवाने का आश्वासन दिया। इस पर तहसीलदार व थाना प्रभारी लौट गए। कुछ देर बाद सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार व कोतवाली प्रभारी वेदप्रकाश पांडेय ने वहां आकर टेंट हटाने के लिए कहा। फिर भी टेंट नहीं हटाया गया। इसके बाद तहसीलदार व मऊदरवाजा थाना प्रभारी पुन: आए। थाना प्रभारी ने भाजपा नेता चित्रा अग्निहोत्री की क्लास लगा दी। जबरन टेंट हटवाने की चेतावनी दी। इस पर सदर विधायक के चचेरे भाई पूर्व ब्लॉक प्रमुख व भाजपा के जिला उपाध्यक्ष भास्कर दत्त द्विवेदी व जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी ने थाना प्रभारी की भाषाशैली पर आपत्ति जताई। इस पर उनकी थाना प्रभारी से नोकझोंक हो गई। पुलिस प्रशासन का दबाव बढ़ने पर भाजपाइयों ने कर्मचारियों को बुलाकर टेंट हटवा दिया। मीडिया प्रभारी ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी का महिला नेता से बात करने का तरीका ठीक नहीं था। इसी वजह से हस्तक्षेप करना पड़ा। टेंट मतदान केंद्र से 200 मीटर की परिधि से बाहर लगा था। इससे पहले क्रिश्चियन कालेज गेट पर भाजपा व सपा समर्थित प्रत्याशियों का बस्ता लगा था। पुलिस ने इन्हें भी हटवा दिया।