100 मरीजों पर दो चिकित्सक समेत नौ का स्टाफ
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद गंभीर मरीजों के लिए 100 बेड का एल-2 हॉस्पिटल बनाया गया है। य
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : गंभीर मरीजों के लिए 100 बेड का एल-2 हॉस्पिटल बनाया गया है। यहां पर एक एमबीबीएस चिकित्सक, एक आयुष चिकित्सक, दो कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर, एक स्टाफ नर्स चार वार्ड ब्वाय की ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई गई है। स्टाफ की कमी के चलते स्वास्थ्य कर्मियों को परेशान होना पड़ रहा है। स्थिति यह हो जाती है कि ड्यूटी के अंतिम समय पर कुछ स्वास्थ्य कर्मचारी काम करने से कतराने लगते हैं। इसके बावजूद स्टाफ में बढ़ोत्तरी नहीं की गई है।
एल-2 हॉस्पिटल में 100 बेड तो पड़वा दिए गए, लेकिन इसके अनुरूप स्टाफ की तैनाती नहीं की जा सकी, जिसके चलते मौजूदा स्टाफ को अतिरिक्त ड्यूटी करनी पड़ रही है। बताया जाता है कि एल-2 हॉस्पिटल में भूतल से लेकर पहली मंजिल तक मरीज भर्ती हैं। दो डॉक्टर इन लोगों की देखरेख नहीं कर पा रहे हैं। वार्ड ब्वाय केवल तीमारदारों का सामान मरीज तक पहुंचाने के लिए ही सीमित रह गए हैं। हड़कर वह भी मना कर देते हैं। बताया गया है कि एल-2 हॉस्पिटल में ड्यूटी कर रहे दो वार्ड ब्वाय के अलावा दो कर्मचारी संक्रमण की जद में आए तो अन्य लोग ड्यूटी से पीछे हटने लगे हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वंदना सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मचारी भी कोरोना की जद में आने लगे हैं, इसलिए स्टाफ कम है। व्यवस्था की जा रही है। नर्सिंग होम को नहीं मिल सकी ऑक्सीजन
शहर के नर्सिंग होम में भी ऑक्सीजन का संकट गहरा गया है। एक नर्सिंग होम संचालक ने फेस बुक पर पोस्ट डाली कि उनके अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म हो गई है। मरीज तड़प रहे हैं, मैं लाचार हूं। वहीं कादरीगेट स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती महिला ने ऑक्सीजन न होने का वीडियो वायरल किया है। वहीं लोहिया अस्पताल में भी ऑक्सीजन कम रह गई है।