रंजिशन युवक की गोली मारकर हत्या, मुकदमा दर्ज
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद दो वर्ष पहले हुए विवाद की रंजिश में शुक्रवार रात आरोपितों
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : दो वर्ष पहले हुए विवाद की रंजिश में शुक्रवार रात आरोपितों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बहनोई ने दो लोगों को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।
राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव जसूपुर निवासी 40 वर्षीय गंगाराम पाल शुक्रवार को पंजाब से लौट कर गांव भरखा निवासी बहनोई इतनेश कुमार पाल के घर पहुंचा। शाम को यहां से वह अपने गांव गया। वहां पर सुखेंद्र और राकेश ने उसके साथ गाली गलौज किया। विरोध करने पर आरोपितों ने गंगाराम के गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां से गंगाराम को सैफई मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया। बेवर के पास गंगाराम ने दम तोड़ दिया। इसके बाद स्वजन गंगाराम का शव लोहिया अस्पताल ले आए। इतनेश ने सुखेंद्र व राकेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। दो वर्ष पहले हुआ था झगड़ा
बहनोई इतनेश कुमार ने बताया कि दो वर्ष पहले गंगाराम का झगड़ा सुखेंद्र से हुआ था। इसके बाद गंगाराम नौकरी करने पंजाब चला गया। वह शुक्रवार को लौट कर आया था। रंजिश में साले की गोली मारकर हत्या की गई। राजेपुर थानाध्यक्ष देवेंद्र गंगवार ने बताया कि दो नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश की जा रही है।