रामनवमी आज, नहीं आयोजित होंगे कन्या भोज
इससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। उन्होंने ब
जागरण संवाददाता, कन्नौज: शारदीय नवरात्र का आज अंतिम दिन है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लॉक डाउन के चलते कन्याभोज आदि कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। लोगों को घरों में ही व्रत का पारायण करने की सलाह दी गई है।
गुरुवार को शारदीय नवरात्र का अंतिम दिन है। लॉक डाउन के कारण मंदिरों के कपाट पहले ही बंद कर दिए गए थे। वेदाचार्य वीरचंद्र त्रिपाठी ने बताया कि रामनवमी को मातारानी के उपासक व्रत का पारायण करते हैं। भक्तों को सुबह मातारानी के नवें स्वरूप सिद्धिदात्री की पूजा करनी चाहिए। इसके बाद यज्ञ कर उसमें लोक कल्याण के लिए आहुतियां दें। हवन में जौं और कपूर मिला लें, इससे वातावरण में व्याप्त हानिकारक विषाणु नष्ट हो जाएंगे। हवन में पूर्णाहुति के बाद मातारानी का व्यंजनों से भोग लगाएं, इसके बाद स्वयं ग्रहण करें। लॉक डाउन का पालन करते हुए कन्या भोज न करें, इससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। उन्होंने बताया कि नौ दिन के व्रत के बाद पारायण करते समय हल्का व सुपाच्य भोजन करें। एकदम पेट भरकर नहीं खाना चाहिए। इससे कई बीमारियां होने का अंदेशा रहता है। घर में पूजा करते समय सभी सदस्यों को शारीरिक दूरी बनाकर रखनी चाहिए। सिद्धपीठ मां काली दुर्गा मंदिर के पीठाधीश्वर स्वामी अखंडानंद ने बताया कि संकट के समय लोग मातारानी से प्रार्थना करें। कन्या भोज आदि कार्यक्रम न करें, जिससे लॉक डाउन का उल्लंघन हो।