रामनगरिया: गूंजी मानस की चौपाइयां, सवा लाख पार्थिव शिवलिग गंगा में प्रवाहित
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद रामनगरिया मेले में गंगा तट पर मंगलवार को सुंदरकांड पाठ का

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : रामनगरिया मेले में गंगा तट पर मंगलवार को सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। महिलाओं व पुरुषों ने जयकारे लगाकर गंगा मइया से मनौतियां मांगी। एक सप्ताह से तैयार किए जा रहे सवा लाख पार्थिव शिवलिग को भी जल में प्रवाहित किया गया। रामनगरिया में भंडारे का भी आयोजन किया गया।
आचार्य कृष्ण मुरारी, सुनील मिश्रा व अनूप कृष्ण शास्त्री की अगुवाई में एक सप्ताह से सवा लाख पार्थिव शिवलिग बनाने का अनुष्ठान चल रहा था। मंगलवार सुबह गंगा पूजन के साथ ही वेद मंत्रों के उच्चारण के बीच शिवलिग गंगा में प्रवाहित किए। इसके बाद सुंदरकांड का आयोजन किया गया। बड़ी तादाद में श्रद्धालु मौजूद रहे। भंडारे में पूड़ी सब्जी वितरित की गई। पूरे रामनगरिया क्षेत्र में जगह-जगह संतों के अखाड़ों में कथाएं दिन भर गूंजती रहीं। अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी जारी रहे।
दो फरवरी को मालिनी अवस्थी व सात को कुमार विश्वास आएंगे
रामनगरिया के मेले के सांस्कृतिक पंडाल में मंगलवार से कार्यक्रम शुरू हो गए। सभी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया गया। प्रसिद्ध लोक गायिका मालिनी अवस्थी दो फरवरी की रात मेले में कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। सात फरवरी को जाने माने कवि डा. कुमार विश्वास के संयोजन में कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। लखनऊ के नाटककार ज्ञानेश्वर मिश्रा दो फरवरी, हिदी अवधी लोक गायिका मीनाक्षी 11 फरवरी, सरिता यादव का नाटक व रामरथ पांडेय की आल्हा का गायन 13 फरवरी को होगा। ध्रुव इंटरटेनमेंट की ओर से रामायण व नृत्य नाटिका का प्रदर्शन 14 फरवरी को होगा। अन्य कार्यक्रमों को भी अंतिम रूप दिया गया है। ब्रज क्षेत्र के पं. संत शेखर महाराज की भागवत कथा सात फरवरी को दिन में शुरू होगी। बुधवार को दिन में रामलीला का मंचन शुरू होगा जो 31 जनवरी तक चलेगा। एक फरवरी को मुंबई के लता ग्रुप की ओर से कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
Edited By Jagran