लोहिया अस्पताल के आवासों पर अवैध कब्जा, प्रशासन मौन
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद डा. राम मनोहर लोहिया अस्पताल परिसर में लोगों ने अवैध रूप से क
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : डा. राम मनोहर लोहिया अस्पताल परिसर में लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। इनमें कुछ ऐसे स्वास्थ्य कर्मचारी हैं, जो सेवानिवृत्त होने के बावजूद आवास खाली नहीं कर रहे हैं। पूर्व में कब्जा हटाने को लेकर अभियान भी चलाया गया, लेकिन अब मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। लोहिया अस्पताल में कार्यरत कर्मियों के लिए आवास बनाए गए। ताकि वह समय पर ड्यूटी पर पहुंच सकें। नियमानुसार सेवानिवृत्त होने के तीन बाद आवास खाली कर देना चाहिए, लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों ने आवास खाली नहीं किए हैं। अवैध कब्जा करने के मामले में ऐसे लोगों को नोटिस भी जारी किए गए। इसके बावजूद वह रह रहे हैं। सीएमएस ने आवास खाली न करने के मामले में सेवानिवृत्त लैब टेक्नीशियन जीपी वर्मा की ग्रेच्युटी भी रोक दी है। इसके बावजूद उन्होंने आवास खाली नहीं किया है। कुछ कर्मचारियों ने अपने आवास किराए पर दे रखे हैं। तत्कालीन प्रभारी सीएमएस डा. एसपी सिंह ने आवास खाली कराने को लेकर अभियान चलाया था। उन्होंने प्रयास कर पांच आवास खाली भी करा लिए थे। इस दौरान उनका तबादला हो गया। इसके बाद अभियान ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। अभी भी 10 आवासों पर कब्जा है। यह स्थिति तब है जब जिलाधिकारी आवास खाली कराने के आदेश दे चुके हैं।
यह हैं आवास
टाइप फोर (वरिष्ठ चिकित्सक) - 04
टाइप थ्री (चिकित्सक) - 20
टाइप थ्री (मैट्रन) - 04
टाइप टू (फार्मासिस्ट, लिपिक आदि स्वास्थ्य कर्मचारी) - 60
टाइप वन - (वार्ड ब्वाय) - 70
'कब्जेदारों को नोटिस दे दिए गए हैं। 15 दिन में आवास खाली करने का समय दिया गया है। समय सीमा समाप्त होने के बाद पुलिस का सहयोग लेकर आवास खाली कराए जाएंगे।'
- डा. राजकुमार गुप्ता, मुख्य चिकित्साधीक्षक, लोहिया अस्पताल पुरुष।