क्वारंटाइन अवधि में होमगार्ड माने जाएंगे ऑन-ड्यूटी
कोरोना महामारी में पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिला कर लड़ रहे होमगार्ड्स को शासन ने तोहफा दिया है। ड्यूटी के दौरान यदि कोई जवान संक्रमित होता है और उसे क्वारंटाइन में रखा जाता है जो क्वारंटाइन अवधि में भी उसे ऑन-ड्यूटी मानते हुए मानदेय का भुगतान किया जाएगा। अन्य सुविधाएं भी देय होंगी।
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : कोरोना महामारी में पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिला कर लड़ रहे होमगार्ड्स को शासन ने तोहफा दिया है। ड्यूटी के दौरान यदि कोई जवान संक्रमित होता है और उसे क्वारंटाइन में रखा जाता है, जो क्वारंटाइन अवधि में भी उसे ऑन-ड्यूटी मानते हुए मानदेय का भुगतान किया जाएगा। अन्य सुविधाएं भी देय होंगी।
जिला होमगार्ड कमांडेंट शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कारोना महामारी के दौरान होमगार्ड्स विभिन्न बैरियर के अलावा क्वारंटाइन सेंटरों पर भी पुलिस के साथ ड्यूटी कर रहे हैं। अधिकारियों के साथ भी दौरों पर जा रहे हैं। हालांकि जवानों को मास्क व हैंड सैनिटाइजर उपलब्ध कराए गए हैं। फिर भी उनके कोरोना संक्रमित होने की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता है। इसी के मद्देनजर विभागीय प्रमुख सचिव अनिल कुमार की ओर से जारी शासनादेश में कहा गया है कि होमगार्ड स्वयं सेवकों अथवा अवैतनिक अधिकारियों के संक्रमित होने पर उनको आइसोलेशन, क्वारंटाइन या हास्पिटल में भर्ती रखे जाने के दौरान की अवधि को ड्यूटी मानते हुए उनके भत्तों का भुगतान किया जए। उन्होंने बताया कि हालांकि अभी तक किसी होमगार्ड को क्वारंटाइन या आइसोलेशन में भेजने की नौबत नहीं आई है। यदि ऐसी स्थिति बनती है तो उन्हें भत्तों आदि के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।