पौधे लगाने पहुंचे अधिकारियों को ग्रामीणों ने रोका
संवाद सूत्र शमसाबाद वन विभाग द्वारा रोपित किए गए पौधे नष्ट हो गए। शुक्रवार को नए पौधे लगाने
संवाद सूत्र, शमसाबाद : वन विभाग द्वारा रोपित किए गए पौधे नष्ट हो गए। शुक्रवार को नए पौधे लगाने पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों तथा मजदूरों को ग्रामीणों ने विरोध कर रोक दिया और नए पौधे नहीं लगाने दिए। ग्रामीण अपनी जगह बता रहे हैं। वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
कटरी क्षेत्र के गांव जटपुरा में डेढ़ सौ बीघा जमीन राजस्व विभाग द्वारा पैमाइश कर पिछले वर्ष वन विभाग को पौधारोपण के लिए सौंपी गई थी। जिस पर वन विभाग ने 95 हजार पौधे लगाए गए थे। उसमें कुछ पौधे नष्ट हो गए। उनकी जगह पर नए पौधे लगाने के लिए वन दारोगा हीरालाल मजदूरों को लेकर पहुंचे और पौधे बदलवा रहे थे। गांव के दो किसानों ने आकर मजदूरों को पौधे लगाने से रोक दिया। दारोगा ने वन अधिकारी को सूचना दी। वन अधिकारी ने भी किसानों से वार्ता कर समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लोग नहीं माने। किसानों का कहना है कि जमीन उनकी पैत्रक है। उनके पास इंतखाब भी हैं। जिस समय पैमाइश हुई उस समय उन लोगों को नहीं बुलाया गया और जमीन वन विभाग को दे दी गई। जिस जमीन पर पौधे लगाए गए, उस पर वह लोग खेती कर रहे थे। वन विभाग ने जेसीबी चलाकर समतलीकरण कर जबरदस्ती पौधे लगा दिए थे। वन अधिकारी यतेंद्र कुमार भारती ने बताया इस जमीन को राजस्व विभाग द्वारा पैमाइश करने के बाद पौधे लगाने के लिए सौंपा गया था। यहां 95 हजार पौधे लगाए गए थे, जिसमें कुछ पौधे नष्ट हो गए। उनकी जगह नए पौधे लगवाए जा रहे थे। पूर्व प्रधान तथा एक व्यक्ति ने विरोध कर मजदूरों तथा उन लोगों को वापस कर दिया। इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। अधिकारियों के निर्देश पर दोनों लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई जाएगी।