फर्रुखाबाद में उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, छाया उत्सवी माहौल
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : जय हो सुरूज बाबा की.. दोहाई दीना नाथ..आपन अर्घ्य स्वीकार करी
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : जय हो सुरूज बाबा की.. दोहाई दीना नाथ..आपन अर्घ्य स्वीकार करी देवता आ पूरा करी मनसा हमार। ऐसी ही प्रार्थनाओं की बुधवार तड़के किलाघाट पर गूंज रही। व्रती महिलाओं ने गंगा तट पर विधिविधान से पूजन कर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया। मनौती वाले पुरुषों ने भी भास्कर देव को जलधार अर्पित की।
चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ के अंतिम दिन फतेहगढ़ स्थित किला घाट पर तड़के ही श्रद्धा और भक्ति का उल्लास छाने लगा। व्रती महिलाएं व परिजन तीन बजे से ही किला घाट पहुंचने लगे। घाट पर बने केले के मंडपों में वेदी पर छठ मैया का पूजन किया गया। इसके लिए घरों से सूप में पूजन सामग्री, फल व मिष्ठान सजाकर लाए गए। सुबह छह बजे के बाद भगवान सूर्य की लालिमा बिखेरती किरणें चमकीं तो उल्लास और बढ़ गया। व्रती महिलाएं अर्घ्य देने के लिए मां गंगा की जलधार में उतरीं। परिजन भी पूजन सामग्री के साथ खड़े रहे। सूप में रखा नारियल, केला, ¨सघाड़ा आदि सभी मौसमी फल, आटा व चीनी से बना ठेकुआ, चावल के आटे का कसार का सूर्य देव को भोग लगाया गया। इसी के साथ भगवान भास्कर को एकटक निहारते हुए अर्घ्य दिया गया। मनौती वाले पतियों ने भी जलार्पण किया। श्रद्धालुओं ने वापस घाट पर आकर व्रत का पारायण किया। वापस घर पहुंचकर पूजन के साथ व्रत अनुष्ठान पूर्ण किया। इस दौरान छठ मैया के गीत भी गूंजते रहे। घाट पर पूर्वांचल समाज के लोगों ने एक-दूसरे को लोक पर्व की बधाई दी। स्थानीय लोगों ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर त्योहार की खुशी बांटी। आतिशबाजी चलाकर उल्लास मनाया गया। पूर्वांचल विकास समिति के अध्यक्ष डा.रंगनाथ मिश्रा, सचिव अजीत भट्ट, केदार शाह, एनडी ¨सह, विकास सिन्हा, जनार्दन शर्मा, अतुल शर्मा, उर्मिला भट्ट, शोभा देवी, चित्रा सिन्हा आदि मौजूद रहे।