ईवीएम और वीवी पैट का उपयोग बताने गांव-गांव पहुंचेगे कर्मचारी
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद आगामी विधानसभा चुनाव के लिए लोगों को जागरूक करने को अब गांव-ग
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : आगामी विधानसभा चुनाव के लिए लोगों को जागरूक करने को अब गांव-गांव पहुंच कर कर्मचारी लोगों को ईवीएम और वीवीपैट के उपयोग के बारे में बताएंगे। उनके साथ एक एलईडी वैन भी रहेगी, जिसमें स्क्रीन पर वीडियो के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा। जिलाधिकारी ने शुक्रवार को एलईडी वैन को कलेक्ट्रेट से झंडी दिखाकर रवाना किया। निर्वाचन आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव में मतदान का फीसद बढ़ाने को मतदाता जागरूकता गतिविधियों को चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में गांव-गांव तक कर्मचारियों को भेज कर ग्रामीणों को ईवीएम की कंट्रोल यूनिट और बैलेट यूनिट व वीवी पैट की कार्यप्रणाली के बारे में जागरूक करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा वीडियो के माध्यम से लोगों को समझाने को एक एलईडी वैन भी किराए पर ली गई है। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने शुक्रवार को एलईडी वैन को कलेक्ट्रेट से झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि एलईडी वैन सभी विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। इसके लिए रूट चार्ट तैयार कर लिया गया है।
अंतिम विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान आज विगत एक नवंबर से शुरू हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि नियुक्त किये गये सभी बीएलओ व पदाभिहित अधिकारी सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची का लोगों को निरीक्षण कराएंगे। एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले अथवा उससे अधिक उम्र के अर्ह व्यक्तियों, जिनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, के नाम मतदाता सूची में शामिल करने को फार्म-6 भरवाएंगे। इसके अलावा नाम काटने के लिए फार्म-7 और मतदाता सूची में किसी भी प्रविष्टि को शुद्ध कराने को फार्म-8 निश्शुल्क उपलब्ध कराएंगे। सभी निर्वाचक व सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के अलावा सुपरवाइजर व पदाभिहित अधिकारी क्षेत्र में निरंतर भ्रमण पर रहेंगे। पुनरीक्षण अभियान 30 नवंबर तक चलेगा।