Move to Jagran APP

श्रद्धा और भक्ति के उल्लास से सराबोर 'महानवमी'

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद: देवी जगदंबा की आराधना के नवरात्र पर्व पर रविवार को महानवमी उत्सव श्रद्ध

By JagranEdited By: Published: Sun, 25 Mar 2018 11:47 PM (IST)Updated: Sun, 25 Mar 2018 11:47 PM (IST)
श्रद्धा और भक्ति के उल्लास से सराबोर 'महानवमी'
श्रद्धा और भक्ति के उल्लास से सराबोर 'महानवमी'

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद: देवी जगदंबा की आराधना के नवरात्र पर्व पर रविवार को महानवमी उत्सव श्रद्धा और भक्ति के उल्लास से सराबोर हो उठा। घरों से मंदिर तक शक्ति की अधिष्ठात्री मां भगवती का ओज छाया रहा। मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान से पूर्णाहुति हवन किया गया। मंदिरों में भजन कीर्तन व महिलाओं द्वारा गाई गई माता की भेंट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।

loksabha election banner

शक्ति आराधना के व्रत पर्व वासंतिक नवरात्र के अंतिम दिन घर से लेकर देवी धामों तक आस्था के दीप जगमगाए। भोर से ही घरों में महानवमी पूजन व पूर्णाहुति हवन की तैयारी शुरू हो गई। कलश पूजन व दुर्गा सप्तशती पाठ के बाद विधि विधान से हवन हुआ। माता के सभी रूपों को समर्पित आहुति डाली गईं। रामायण व महामृत्युंजय की भी आहुति पड़ीं। भगवती को पूड़ी, कचौड़ी, सब्जी, हलवा, खीर सहित तरह-तरह के पकवानों का भोग लगाया गया। पूरे स्वर से आरती उतारी गई। घंटे और शंख की भी ध्वनि गूंजी।

कन्याओं को भोज व उपहार

पूजन हवन के बाद कन्याओं को भोज कराया गया। परिवार के सभी सदस्यों ने व्यंजन परोसे। भोजन के बाद चरण धोए। उपहार भी दिए। कन्याओं के साथ लंगूर बालक भी जिमाए गए। पीछे से जल धार छोड़कर कन्याओं को विदाई दी गई।

भंडारे की रही जगह-जगह धूम

महानवमी पर्व पर जगह-जगह भंडारे आयोजित किए गए। सड़क किनारे स्टाल लगाकर पूड़ी-कचौड़ी, सब्जी, हलवा, खीर का प्रसाद दिया गया। वाहनों को रोक-रोक कर आग्रहपूर्वक प्रसाद बांटा गया। प्रसाद बांटने में सामुदायिक भागेदारी दिखी। प्रसाद ग्रहण करने में जाति धर्म के बंधन टूटे।

मंदिरों में गूंजे जयकारे

मंदिरों में भगवती दर्शन को मानों श्रद्धा का सागर उमड़ पड़ा हो। हाथों में पूजन सामग्री लिए श्रद्धालु कतार में भी जयकारे लगाते रहे। इस अवसर पर माता का भव्य श्रंगार हुआ। मंदिरों में भी भंडारे चले। भीड़ के कारण पुलिस व्यवस्था भी मुस्तैद रही। गुरुगांव देवी मंदिर, संतोषी माता मंदिर व शीतला माता मंदिर बढ़पुर, वैष्णो देवी माता मंदिर भोलेपुर, गमा देवी मंदिर, मठिया देवी मंदिर भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.