शिविर में कृत्रिम अंग पाकर दिव्यांगों ने दी दुआएं
संवाद सूत्र कमालगंज अंगविहीन होने के बाद सपने में भी नहीं सोचा था कि अब वह कभी अपने पैरों
संवाद सूत्र, कमालगंज : अंगविहीन होने के बाद सपने में भी नहीं सोचा था कि अब वह कभी अपने पैरों से चल पाएंगे, लेकिन सोमवार को इन दिव्यागों के सपनों को दिल्ली से आई टीम ने साकार कर दिया, तो इन दिव्यागों ने इन्हें खूब दुआएं दीं।
क्षेत्र पंचायत कार्यालय पर सोमवार को आयोजित फिट मैंट कैंप में दिल्ली की भट्ट सर्जिकल से आए एके सक्सेना, करन सिंह व दिनेश कुमार की तीन सदस्यीय टीम ने कैंप में मौके पर ही दिव्यांगों की आवश्यकता के अनुरूप कृत्रिम हाथ व पैर बनाकर लगाए। इस दौरान कैंप में गांव अर्जुनपुर निवासी सुधीर कुमार घिसटते हुए आए। कृत्रिम पैर लगाकर उन्हें चलाया गया। शेखपुर निवासी असलम के दोनों हाथ नहीं थे। असलम के कृत्रिम हाथ लगाए गए। कृत्रिम अंग लगने के बाद दिव्यांगों की खुशी का ठिकाना न था। दिव्यांगों ने कार्यक्रम आयोजक व विशेषज्ञों की टीम को दुआएं दीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार पैंसिया ने कहा दिव्यांगों के जीवन की निराशा को दूर कर सकारात्मकता भरने के लिए हमें उन्हें स्वयं सहायता समूह से जोड़कर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर स्वावलंबी बनाने का प्रयास करना चाहिए। खंड विकास अधिकारी राजेश बघेल ने बताया दिव्यांग जन सशक्तिकरण के अंतर्गत 35 लोगों के रजिस्ट्रेशन हुए थे। जिसमें 20 लोगों को तत्काल कृत्रिम हाथ, पैर एवं कैलीपर्स बनाकर दे दिए गए हैं। शेष 15 लोगों को उनकी आवश्यकतानुसार उपलब्ध कराए जाएंगे। इस दौरान एडीओ निरंजन त्रिवेदी, जेई राजीव गोयल, प्रधान प्रमोद यादव, नरेंद्र यादव, टीकेंद्र सिंह व लल्लन अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे।