जिला पंचायत सदस्य की मतगणना में गड़बड़ी की शिकायत
संवाद सहयोगी कायमगंज जिला पंचायत सदस्य चुनाव में कायमगंज क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 की गणना में
संवाद सहयोगी, कायमगंज : जिला पंचायत सदस्य चुनाव में कायमगंज क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 की गणना में परिणाम घोषित होने के बाद बड़ी लिपिकीय त्रुटि सामने आई है। इस वार्ड के प्रत्याशी ने निर्वाचन कार्यालय द्वारा प्रमाणित गणना प्रपत्र प्रस्तुत कर जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में स्पष्ट किया कि 58 बूथों वाले वार्ड की गणना प्रपत्र में 59 बूथ शामिल दर्शाए गए हैं। एक बूथ की गणना शीट को दो बार जोड़ा गया है। इस त्रुटि का संशोधन करने पर चुनाव परिणाम बदल जाएगा।
वार्ड नंबर 10 के घोषित चुनाव परिणाम के मुताबिक राहुल देव वर्मन को 4578 व निकटतम प्रतिद्वंदी रामशरण को 4429 मत मिले थे। इस पर राहुल देव को विजेता घोषित कर जीत का प्रमाण पत्र दे दिया गया। हालांकि रामशरण गिनती का हिसाब दिखाकर गलती का हवाला देते रहे, लेकिन उस समय उनकी बात पर गौर नहीं किया गया। रामशरण उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त समीक्षा अधिकारी हैं। उन्होंने निर्वाचन कार्यालय से अपने वार्ड की गणना प्रपत्रों की प्रमाणित प्रतिलिपि प्राप्त कर जिलाधिकारी के पास अपना प्रकरण प्रस्तुत किया। जिसमें कहा गया कि 58 बूथों वाले इस वार्ड के गणना प्रपत्रों में बूथ नंबर 210 को पृष्ठ संख्या 2 पर सबसे पहले दर्शाया गया। इस बूथ पर कुल 466 मत पड़े, जिसमें रामशरण को 25 व राहुल देव वर्मन को 254 मत प्राप्त हुए। इसी बूथ नंबर 210 को गणना में दूसरी बार शामिल कर पृष्ठ संख्या 3 पर सबसे अंत में दर्शाया गया। इसमें भी वही प्राप्त मत दोबारा लिखे गए हैं। जिससे गणना किए गए बूथों की संख्या 59 दिख रही है। जबकि गणना शीट के शीर्षक में बूथों की संख्या स्पष्ट रूप से 58 लिखी गई है। रामशरण ने अपनी शिकायत में किसी पर आरोप न लगाते हुए इसे त्रुटिवश कार्यवाही होना बताया। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने उनकी बात को सुना व समझा है, लेकिन कहा कि अब इसमें निर्वाचन कार्यालय का कोई अधिकार नहीं है। इसलिए वह इस मामले को न्यायिक प्रक्रिया से हल कराने का प्रयास करेंगे।