अनुशासन व संगठन मजबूती से निकलेगी कांग्रेस की जीत की राह
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद शहर के मसेनी चौराहा-कादरीगेट मार्ग पर स्थित गेस्ट हाउस में
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : शहर के मसेनी चौराहा-कादरीगेट मार्ग पर स्थित गेस्ट हाउस में गुरुवार को कांग्रेस का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्रांतीय नेतृत्व की ओर से प्रशिक्षण की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ की एक टीम को दी गई है। टीम की ओर से पार्टी कार्यकर्ताओं को बताया गया कि अनुशासन व संगठन की मजबूती से ही पार्टी 2022 के चुनाव में जीत हासिल कर सकती है।
अलग-अलग सत्रों में दिन भर चले प्रशिक्षण कार्यक्रम में टीम के सदस्य अभिमन्यु त्यागी, शरद उपाध्याय नंदा, विष्णु शर्मा, अजय शर्मा, हर्ष बिसारिया, शत्रुघ्न चौहान व प्रबुद्ध वर्मा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने के गुर बताए। टीम के सदस्यों ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल अथवा संगठन को आगे बढ़ने के लिए अनुशासन सर्वोपरि है। संगठन को गति देने के लिए पार्टी की ओर से तय किए गए कार्यक्रमों की जानकारी स्क्रीन पर दी गई। जिसमें कहा गया कि ब्लाक, न्याय पंचायत, ग्राम पंचायत व बूथ कमेटियां 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत की आधारशिला रखेंगी। प्रबुद्ध वर्मा ने कहा कि बूथ स्तर तक का हर पदाधिकारी 10 युवक, 10 महिलाओं व 10 वरिष्ठजनों को पार्टी से जोड़े। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की तर्ज पर पहली बार कांग्रेस के शिविर में मंच नहीं बना था। सभी लोग सामने बैठकर टीम के सदस्यों के विचार सुनते रहे। टीम के सदस्यों की ओर से कई बार अनुशासन में रहने को कहा गया, फिर भी कार्यकर्ता टहलते रहे। पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद ने ध्वजारोहण किया। प्रदेश महासचिव प्रकाश प्रधान, प्रदेश सचिव कौशलेंद्र यादव, प्रदेश सचिव व जिले के संगठन प्रभारी अंकित धानविक, जिलाध्यक्ष विजय कटियार, शहर अध्यक्ष पुन्नी शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा आदि मौजूद रहे।