प्रतिबंध के बावजूद ताजिया जुलूस निकालने वाले 22 लोगों पर मुकदमा दर्ज
संवाद सहयोगी कायमगंज कोरोना गाइड लाइन के चलते प्रतिबंध के बावजूद मोहर्रम पर ताजिया जुलूस
संवाद सहयोगी, कायमगंज : कोरोना गाइड लाइन के चलते प्रतिबंध के बावजूद मोहर्रम पर ताजिया जुलूस निकालने पर दो नामजद ताजियादारों व 20 अज्ञात पर पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किया है।
कायमगंज कोतवाली के मंडी चौकी प्रभारी एसआइ अशोक कुमार द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को वाहन चेकिग के समय पुल गालिब तिराहे पर थे। तभी उन्होंने गांव कुबेरपुर की ओर से ताजिया जुलूस नगर की ओर आते देखा। जिससे रोड पर जाम की स्थिति बन गई। जुलूस का नेतृत्व कुबेरपुर निवासी ताजियादार नन्हें खां व इश्हाक मंसूरी कर रहे थे। इसके अलावा करीब 20 लोग इस ताजिया जुलूस में शामिल थे, जबकि पहले ही ताजियादारों को जुलूस निकालने से मना भी किया गया था। इसके बावजूद नियम का उल्लंघन कर जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल लोग न तो मास्क लगाए गए थे और न ही शारीरिक दूरी के नियम का पालन किया जा रहा था। तहरीर के आधार पर दोनों ताजियादारों पर नामजद व 20 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।