बेटी पैदा होने पर दिया तलाक, घर से निकाला
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : बेटी को जन्म देने पर महिला को तलाक दे दिया। ससुरालियों ने उसे बेटी
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : बेटी को जन्म देने पर महिला को तलाक दे दिया। ससुरालियों ने उसे बेटी समेत घर से बाहर निकाल दिया। महिला का आरोप है कि ससुराल में रहने के दौरान ससुर, जेठ व देवर ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था। पति उसे फोन कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रविवार को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव बरौन निवासी महिला का निकाह नौ फरवरी 2015 को शहर कोतवाली के मोहल्ला खटकपुरा आम वाली मस्जिद के निकट निवासी युवक के साथ हुआ था। युवक इन दिनों दिल्ली में कारोबार कर रहा है। 22 सितंबर 2015 को महिला ने मृत अवस्था में पुत्र को जन्म दिया। निकाह के बाद से ही पति, ससुर, जेठ व देवर कार की मांग कर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार मारपीट की गई। कमरे में बंद रखा गया। आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास भी किया। 24 सितंबर 2016 को पीड़िता ने पुत्री को जन्म दिया, इसके बाद उस पर अत्याचार और बढ़ गया। 26 जनवरी 2018 को देवर ने उसे दबोच लिया और पुन: दुष्कर्म का प्रयास किया। चीखने-चिल्लाने पर मोहल्ले के लोगों ने आकर बचाया। 27 जनवरी को पति ने तीन बार तलाक कहकर पुत्री सहित उसे घर से निकाल दिया। जिससे परेशान होकर वह पिता के घर रह रही है। इसके बाद से तीन बार फोन पर तलाक दे चुके हैं। पुलिस कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।