घर में घुसा मगरमच्छ, वन विभाग की टीम ने पकड़कर बूढ़ी गंगा में छोड़ा
संवाद सूत्र कंपिल क्षेत्र के गांव राईपुर चिनहटपुर स्थित एक घर की बैठक में मगरमच्छ घुस
संवाद सूत्र, कंपिल : क्षेत्र के गांव राईपुर चिनहटपुर स्थित एक घर की बैठक में मगरमच्छ घुस गया। मौके पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को पकड़कर गंगा में छोड़ दिया। तराई क्षेत्र में कई मवेशी भी गायब हो चुके हैं, जिससे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
गांव राईपुर चिनहटपुर निवासी राजेंद्र सिंह बुधवार रात अपने घर के बाहर बैठक में व अन्य स्वजन घर के अंदर सो रहे थे। मध्य रात के बाद उन्हें खटपट की आवाज सुनाई दी। उन्होंने बैठक का बल्ब जलाया तो एक मगरमच्छ उनकी चारपाई के पास था। मगरमच्छ देखकर उनके होश उड़ गए। उनके शोर मचाने पर स्वजन व ग्रामीण जाग गए। ग्रामीणों के काफी प्रयास के बाद भी मगरमच्छ बैठक के बाहर नहीं निकला। स्वजन ने इसकी सूचना यूपी 112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वन विभाग अधिकारियों को जानकारी दी। वन विभाग के रेंजर यतेंद्र भान सिंह टीम के साथ देर रात गांव पहुंचे। उन्होंने मगरमच्छ को पकड़कर गांव से कुछ दूरी पर स्थित बूढ़ी गंगा में छोड़ दिया। ग्रामीणों के अनुसार कई मवेशी भी गायब हो गए हैं। जिससे ग्रामीण भयभीत हैं। वन रेंजर यतेंद्र भान सिंह ने बताया मगरमच्छ को गंगा में छोड़ दिया गया है।