पराली जलाने वाले लोगों पर निगरानी रखने को समिति गठित
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद स्वच्छ वातावरण रखने के लिए जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने नौ अधिक
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : स्वच्छ वातावरण रखने के लिए जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने नौ अधिकारियों की टीम गठित की है। धान की फसल कटने के बाद अधिकांश किसान पराली खेत में ही जला देते हैं। उससे निकलने वाले धुएं से वातावरण प्रदूषित होता है। पराली जलाने वाले लोगों पर नजर रखने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी ने जारी किए पत्र में कहा कि सर्वोच्च न्यायालय की गाइड लाइन के अनुसार किसी भी क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति पराली जलाते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विकास अधिकारी, उपकृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, डीआइओएस, जिला गन्ना अधिकारी, डीपीआरओ व क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम बनाई गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि फसल कटने के बाद खेत में बचने वाले अवशेष को जलाने की घटनाएं नहीं होने दी जाएंगी। निगरानी टीम द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसकी रिपोर्ट प्रमुख सचिव को भी भेजी जाएगी। स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों व सामाजिक संस्थाओं से मदद के लिए जनजागरण अभियान चलाने को भी कहा गया है।