महिला की हत्या में पति, जेठानी सहित तीन के खिलाफ मुकदमा
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद फावड़ा मारकर महिला की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने पु
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : फावड़ा मारकर महिला की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने पुत्र की ओर से पति व जेठानी सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। जेठानी व उनके पुत्र पर आरोप है कि वह मृतका के मकान पर कब्जा करना चाहते हैं, इस कारण उन्होंने उकसा कर हत्या करवा दी।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव ढिलावल निवासी कामिनी की हत्या रविवार दोपहर उसके पति ज्ञान चंद्र ने फावड़ा मारकर कर दी थी। राजस्थान के कोटा से रात में कामिनी के पुत्र संजय कुमार भाई के साथ घर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें उन्होंने अपने पिता ज्ञान चंद्र, ताई सरोजनी व उनके पुत्र सतेंद्र को नामजद किया है। रिपोर्ट के अनुसार ज्ञान चंद्र मजदूरी करते हैं। वह चार भाई हैं और अलग-अलग रह रहे हैं। ताऊ रामसेवक की पत्नी सरोजनी व पुत्र सतेंद्र कई बार उनके मकान पर कब्जा करने का प्रयास कर चुके हैं। संजय ने इसकी शिकायत भी पुलिस से की थी। सतेंद्र व सरोजनी देवी उनके पिता ज्ञान चंद्र को अपने घर बुलाकर शराब पिलाते हैं और खर्च के लिए रुपये भी देते हैं, ताकि वह उनके मकान पर कब्जा कर सकें। इन लोगों के उकसाने पर ही ज्ञान चंद्र मां कामिनी से झगड़ा करते थे। सरोजनी देवी व सतेंद्र के रुपये से ज्ञान चंद्र ने रविवार को शराब पी और घर पहुंचे। मां कामिनी देवी की तबीयत ठीक नहीं थी। वह दवा खाकर आराम कर रही थीं, तभी पिता वहां नशे में पहुंचे और गालीगलौज करने लगे। उनकी बहन सुंदरी व खुशी बाहर परचून की दुकान पर बैठी थीं। उसी समय पिता ज्ञान चंद्र ने मां के ऊपर फावड़े से हमला कर दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। हमलावर ज्ञानचंद्र मौके से फरार हो गए। पिता ज्ञानचंद्र ने सरोजनी देवी व सतेंद्र के उकसाने पर ही घटना को अंजाम दिया है। मुकदमे की विवेचना थाना प्रभारी अजय नारायण सिंह ने शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि जांच की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।