विवाद के बाद युवक ने गंगा में लगाई छलांग
संवाद सूत्र कमालगंज पत्नी से हुए विवाद को लेकर युवक ने गंगा में छलांग लगा दी। सूचना पर स्वजन
संवाद सूत्र, कमालगंज : पत्नी से हुए विवाद को लेकर युवक ने गंगा में छलांग लगा दी। सूचना पर स्वजन व पुलिस गंगा तट पर पहुंचे। गोताखोर लगाकर खोजबीन शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चला।
गांव नगला खैम रैंगाई निवासी 25 वर्षीय यूनुस का गुरुवार सुबह पत्नी जैनब बेगम से विवाद हो गया। गुस्सा होकर यूनुस घर से निकल गया और मेंहदिया गांव के निकट गंगा किनारे पहुंचा। वहां कपड़े व जूते उतारे और गंगा में छलांग लगा दी। पास ही मवेशी चरा रहे किशोर ने देखा तो बाग में रखवाली कर रहे ग्रामीण को बताया। घटना की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। मां कामराना बेगम आदि स्वजन बिलखते हुए वहां पहुंचे। गांव के ही छह-सात लोगों ने गंगा में घुसकर खोजबीन शुरू की। भोजपुर चौकी प्रभारी सुधीर कुमार ने आजाद नगर भटपुरा से गोताखोर बुलाकर उसकी तलाश कराई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चला। ग्रामीणों के अनुसार यूनुस के पिता की मौत हो चुकी है। वह आठ भाइयों में चौथे नंबर का है। दो बहनें हैं। करीब 2 वर्ष पूर्व जनपद कन्नौज के समधन से शादी हुई थी। घरेलू मामलों को लेकर एक सप्ताह पूर्व पत्नी से विवाद व मारपीट हो गई थी। शिकायत पत्नी ने पुलिस से कर दी थी जिसे लेकर दोनों के बीच तनाव चल रहा था।