मक्का भुनाने गए किशोर की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत
संवाद सूत्र जहानगंज दोस्तों के साथ मक्का भुनाने आए बालक को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने कुचल दिया।
संवाद सूत्र, जहानगंज : दोस्तों के साथ मक्का भुनाने आए बालक को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। उसके दो साथी घायल हो गए।
क्षेत्र के गांव झिझुकी के मजरा बरुआ खेड़ा निवासी राजेंद्र कुशवाहा का बेटा अर्जुन, अपने दोस्त भास्कर व रजनीकांत के साथ सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे गांव से मक्का भुनाने के लिए कंझाना तिराहे पर स्थित भार पर आया। यहां इन किशोरों ने भुनने के लिए मक्का दी तथा वहीं सड़क किनारे बैठ गए। उसी दौरान फर्रुखाबाद की ओर से आ रहे ट्रैक्टर ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए अर्जुन व उसके साथियों को कुचल दिया, जिससे अर्जुन की मौत हो गई तथा साथी भास्कर व रजनीकांत घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल भेजा गया। बेटे की मौत की जानकारी पर पिता राजेंद्र, मां सती देवी, भाई अवनीश व आलोक स्वजन के साथ मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष दिनेश गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रैक्टर छिछौनापुर गांव का बताया जा रहा है। पुलिस भेजी गई है।