कार व वैन की टक्कर में 11 लोग गंभीर
संवाद सूत्र मोहम्मदाबाद इटावा बरेली हाईवे पर कार व वैन की टक्कर में 11 लोग घायल हो गए।
संवाद सूत्र, मोहम्मदाबाद : इटावा बरेली हाईवे पर कार व वैन की टक्कर में 11 लोग घायल हो गए। वैन में फंसे चालक को शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया। उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
बरेली हाईवे पर ईदगाह के निकट मोहम्मदाबाद की तरफ आ रही वैन की सामने से आ रही कार से सोमवार देर रात टक्कर हो गई। जिसमें गांव भरतपुर निवासी रामदास, काजल, नंदराम, रीता, प्यारे, सोनी, दीपक, रामकुमार, नन्हीं देवी व संध्या घायल हो गए। चालक छोटू वैन में फंस गया। उसे स्थानीय लोगों ने शीशा तोड़कर बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। छोटू की हालत गंभीर होने से उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। कार सवार लोगों को मामूली चोट आईं। घायलों ने बताया कि रामदास के पुत्र रामकुमार की शादी कायमगंज में तय हुई है। वह लोग गोद भराई के कार्यक्रम में गए थे। वापस घर आते समय हादसा हो गया।
वनरोज की टक्कर से बाइक सवार दो होमगार्ड घायल
संवाद सूत्र, मोहम्मदाबाद : वनरोज की टक्कर से बैंक में ड्यूटी करने जा रहे बाइक सवार दो होमगार्ड घायल हो गए। दोनों घायलों को सीएचसी से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाली में तैनात होमगार्ड सुरेंद्र सिंह व अखिलेश सिंह मंगलवार सुबह 9:00 बजे से ड्यूटी करने बाइक से आर्यावर्त ग्रामीण बैंक मुरहास जा रहे थे। इटावा बरेली हाईवे पर हवाई पट्टी के पास तेजी से सड़क पार कर रहे वनरोज से बाइक टकरा गई। जिससे सुरेंद्र व अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। 108 एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालत गंभीर होने से दोनों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।