आज से मिशन शक्ति पर ध्यान देगी अयोध्या पुलिस
महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर योगी सरकार का मिशन शक्ति अभियान शनिवार से प्रारंभ होने जा रहा है। 180 दिन के इस महाअभियान का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के लिए अयोध्या पुलिस ने भी तैयारी कर ली है। जिले में इस महाअभियान का आरंभ करने के लिए नोडल अधिकारी आईजी पद्मजा चौहान शनिवार को यहां आ रही हैं.
अयोध्या : महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर योगी सरकार का मिशन शक्ति अभियान शनिवार से प्रारंभ होने जा रहा है। 180 दिन के इस महाअभियान का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के लिए अयोध्या पुलिस ने भी तैयारी कर ली है। जिले में इस महाअभियान का आरंभ करने के लिए नोडल अधिकारी आईजी पद्मजा चौहान शनिवार को यहां आ रही हैं। डीआईजी दीपक कुमार ने अभियान की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु आईपीएस व मिल्कीपुर सर्किल के क्षेत्राधिकारी पलाश बंसल को जिम्मेदारी सौंपी है। अभियान का प्रथम चरण जागरूकता पर केंद्रित होगा। आईजी यहां कोतवाली में बनाए गए महिला हेल्प डेस्क, अस्पताल व स्कूल-कॉलेज का जायजा लेंगी। महिलाओं तक अभियान का उद्देश्य पहुंचाने के लिए उनसे वार्ता भी की जाएगी। कोरोना गाइडलाइन को देखते हुए गोष्ठी का आयोजन कोतवाली अथवा कैंट थाना परिसर में से एक स्थान पर हो सकता है। गोष्ठी में महिला अध्यापक, प्रधान, समाजसेवी, छात्राएं आदि वर्गों से जुड़ी करीब 50 महिलाएं शामिल होंगी।
महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही, लेकिन महिला अपराधों पर प्रभावी लगाम नहीं लग पा रही है। कहने को यहां एंटी रोमियो स्क्वायड और पिजरा वाहन जैसी व्यवस्थाएं हुईं, लेकिन मनचलों पर नियंत्रण नहीं हो सका। ताजा मामला शुक्रवार को गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में सामने आया, जहां जमीनी विवाद में एक महिला की इतनी पिटाई की गई कि उसकी जीभ ही कट गई। ऐसी कई वारदातें सवाल बनकर समाज और पुलिस के सामने हैं। आईपीएस अधिकारी पलाश बंसल का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस तत्पर है, लेकिन लोगों को भी अपनी सोच बदलनी होगी। महिलाएं सम्मान की पात्र होती हैं। उनका उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मिशन शक्ति अभियान सुरक्षा के प्रति महिलाओं में नई चेतना जागृत करने वाला साबित होगा। जागरूकता के साथ एंटी रोमियो दस्ता और जिले के सभी थानों की पुलिस को निगरानी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।