चीनी मिल के गन्ना प्रबंधक और गन्ना विकास अधिकारी पर जानलेवा हमला
दो नामजद सहित पांच से छह अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा
अयोध्या: गन्ना सर्वे की जांच करने पहुंचे केएम शुगर मिल के गन्ना प्रबंधक और गन्ना विकास अधिकारी पर जानलेवा हमला हुआ है। हमले में दोनों घायल हो गए, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इसकी तहरीर उप महा प्रबंधक गन्ना शिवगोविद सिंह ने सर्वे में लगे लाइफ लांग कांट्रेक्ट के कर्मचारी के खिलाफ पूराकलंदर थाने में दी है। पुलिस ने दो नामजद सहित पांच से छह अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शिवगोविद सिंह का आरोप है कि वर्ष 2022-23 पेराई सत्र के लिए गन्ना आयुक्त के निर्देश पर गन्ना सर्वे का कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि अंतपुर सर्किल प्रथम में लाइफ लांग कांट्रेक्ट में दो वर्षो से कार्य कर रहे शुभम सिंह को मिल की तरफ से सर्वे कार्य में लगाया गया था। आयुक्त का निर्देश है कि जिसे सर्वे मे लगाया गया है वहीं कार्य करेगा। उसके बाद भी गन्ना विकास अधिकारी हनुमान दास के निरीक्षण में शुभम सिंह नहीं मिले और उनके स्थान पर दूसरा युवक सर्वे कार्य करा रहा था, जिसकी सूचना पर गन्ना प्रबंधक जितेंद्र कुमार शर्मा ने शुभम से लिखित स्पष्टीकरण मांगते हुए सर्वे कर रहे युवक से मशीन जमा करवाने का निर्देश गन्ना विकास अधिकारी को दिया इससे नाराज होकर शुभम अपने मौसी के लड़के और छह अज्ञात साथियों के साथ कैलपारा गांव में गन्ना विकास अधिकारी के साथ सियाराम के गन्ने का सर्वे जांच कर रहे औरंगाबाद निवासी गन्ना प्रबंधक जितेंद्र शर्मा व हनुमानदास पर सरिया, हाकी लाठी डंडे से ताबड़तोड हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर घायल हो गये। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शुभम सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ट्रेन से कट कर हुई मौत
सोहावल : देवराकोट निवासी 48 वर्षीय शिवकुमार निषाद की ट्रेन से कट कर मौत हो गई। चौकी प्रभारी देवेंद्रनाथ राय ने बताया कि शिवकुमार शौच के लिए घर से निकले थे। ग्रामीणों ने उनका शव मिलने की सूचना दी।