ओवरलोडिग पर लगाम लगी न रफ्तार पर लगा ब्रेक
कोरोना क्या आया परिवहन विभाग की सभी जांच-पड़ताल ठंडे बस्ते में चली गई। ओवरलोड वाहन रफ्तार भरते हुए लोगों की जिदगी के लिए खतरा बनते रहे और परिवहन विभाग के जिम्मेदार कोरोना ड्यूटी में व्यस्त रहे.
अयोध्या : कोरोना क्या आया परिवहन विभाग की सभी जांच-पड़ताल ठंडे बस्ते में चली गई। ओवरलोड वाहन रफ्तार भरते हुए लोगों की जिदगी के लिए खतरा बनते रहे और परिवहन विभाग के जिम्मेदार कोरोना ड्यूटी में व्यस्त रहे। हालांकि दायित्वों के प्रति उदासीनता इस वित्तीय वर्ष की शुरुआत से ही देखने को मिली। एक अप्रैल 2019 से 31 मार्च 2020 के बीच ओवरलोडिग पर लगाम लगाने की कार्रवाई के आंकड़े अभियान की सुस्त रफ्तारी को बयां करते हैं। इस अवधि में ओवरलोड वाहनों के प्रति कार्रवाई का आंकड़ा 793 तक सिमटा रहा, जबकि माल वाहक वाहनों में श्रमिकों को भी परिवहन कराने की घटनाएं सामने आती रहीं। 18 मई को श्रमिकों से ओवरलोड भरे माल वाहन वाहन के एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से हुए हादसे से इस अवैध परिवहन से पर्दा उठाया। इससे पूर्व 15 मई को मवई में हाइवे पर दो प्रवासी श्रमिकों का तेज रफ्तार माल वाहक वाहन से टक्कर मार दिया। 22 मई को हाईवे पर दो श्रमिकों की बसों की टक्कर ने निगरानी को लेकर परिवहन विभाग के सतर्कता की पोल खोली। वर्तमान में स्थिति यह है कि हर दिन सड़क पर एक ऐसी दुर्घटना हो रही है, जिसमें रफ्तार और ओवरलोडिग सामने आ रही। पुलिस जांच में इन तथ्यों का खुलासा होता है, लेकिन परिवहन विभाग जागने को तैयार ही नहीं है। रफ्तार पर नियंत्रण न होने पर दुर्घटनाएं हो रहीं हैं, जिसमें बेकसूर लोगों की जान जा रही।
........
हादसे की वजहें ये भी
-मार्गों की स्थिति अच्छी होने के कारण अक्सर चालक वाहनों को तेज रफ्तार में चलाते हैं। बस चालक भी प्राय: तय सीमा से अधिक रफ्तार में चलते हैं। रफ्तार अधिक होने के कारण नियंत्रण नहीं होता और फिर हादसा होता है। अमूमन देखा जाता है कि बस के गेट पर लटक कर भी लोग सफर करते हैं। आम लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत है। वाहनों में ओवरलोडिग भी हादसे की एक बड़ी वजह है। लोग जागरूक हो जाएं तो इस तरह की नौबत नहीं आएगी।
...........
कोरोना संक्रमण की रोकथाम में ड्यूटी लगने की वजह से जांच-पड़ताल के कार्य थोड़ा प्रभावित हुए, लेकिन अब विभागीय कार्यों में तेजी आ रही है। नियमों की अनदेखी करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नंदकुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी