अखिलेश का शोक संदेश लेकर सपाई पहुंचे रामपदारथ के घर
पलियाप्रताप शाह में रामपदारथ यादव के परिवार के प्रति सपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तरफ से शोक संवेदना व्यक्त करने पार्टी नेता उनके घर पहुंचे। करीब 10 दिन पहले एक विवाद में रामपदारथ यादव की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी.
अयोध्या : पलियाप्रताप शाह में रामपदारथ यादव के परिवार के प्रति सपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तरफ से शोक संवेदना व्यक्त करने पार्टी नेता उनके घर पहुंचे। करीब 10 दिन पहले एक विवाद में रामपदारथ यादव की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। दूसरे पक्ष से ग्राम प्रधान जयप्रकाश सिंह की भी गोली लगने से मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी, पिता एवं परिवार के लोगों से मिलकर अखिलेश यादव की तरफ से शोक संवेदना जताई गयी। पार्टी नेताओं ने लॉकडाउन में रामपदारथ की हत्या को बिगड़ी कानून व्यवस्था का नतीजा बताया। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने निवर्तमान जिलाध्यक्ष गंगा सिंह यादव को निर्देशित किया था कि वह रामपदारथ यादव के घर पर जाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष की तरफ से सहानुभूति एवं संवेदना व्यक्त करें। पूर्व जिलाध्यक्ष के अनुसार रामादेवी पत्नी रामपदारथ ने बताया कि उसे न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने इंसाफ दिलाने का भरोसा दिलाया।
मंगलवार को राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मंत्री अवधेश प्रसाद, पूर्व राज्यमंत्री पवन पांडेय, पूर्व विधायक अभय सिंह, समाजवादी छात्रसभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सिंह, छोटेलाल यादव,शैलेंद्र यादव पीड़ित परिवार से मिल चुके हैं। पूर्व राज्यमंत्री आनंदसेन यादव, पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी, सदस्य विधान परिषद लीलावती कुशवाहा, बख्तियार खान, शाह हयात मसूद गजाली,जयसिंह यादव, इंद्रपाल यादव, साहबलाल यादव आदि पार्टी नेताओं ने पीड़ित परिवार से मिलकर हर लड़ाई में साथ देने का आश्वासन बुधवार को दिया।