नौ दिन में आधे के करीब पहुंचा रोडवेज का राजस्व
सफर को निकलने लगीं सवारियां 17 लाख पहुंची आमदनी
अयोध्या: परिवहन निगम के अच्छे दिन फिर लौट रहे हैं। परिक्षेत्र के चारो डिपो में बसों का संचालन पूर्व की भांति रफ्तार पकड़ने लगा है। सवारियां निकलनी शुरू हुईं तो महीनों से खड़ी बसें भी रूट पर फर्राटा भरती दिखाई पड़ने लगीं। सवारियों की आमद का असर निगम की इनकम पर दिखाई पड़ा तो अधिकारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई। अनलॉक वन लागू होने के बाद से शुरू हुए बसों के संचालन से परिक्षेत्र की इनकम बढ़ते हुए 17 लाख प्रतिदिन के करीब पहुंची गई है, जो सामान्य दिनों में होने वाली इनकम के आधे के करीब है।
एक जून से अनलॉक वन शुरू हुआ तो प्रदेश सरकार ने परिवहन निगम को बसों के संचालन की अनुमति प्रदान कर दी थी। 71 दिन बाद शुरू हुए संचालन के शुरूआती दिनों में गिनती की सवारियां सफर को निकलीं। कोई बस पांच तो कोई आठ सवारियां लेकर रवाना हुई। एक-एक दिन बीता तो लोग सफर को निकलने लगे। पूरी सावधानी के साथ लोगों ने पिछले दिनों बसों से सफर तय किया। नौ दिन में तस्वीर बदलती दिखी। क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मेंद्रनाथ ने बताया कि परिक्षेत्र के अकबरपुर, सुल्तानपुर, अमेठी और अयोध्या डिपो से लंबी दूरी की सवारियां निकलने लगी हैं। सामान्य दिनों में परिक्षेत्र को 35 से 40 लाख की प्रतिदिन आय होती थी, सोमवार को निगम की आय 17 लाख तक पहुंच गई। अयोध्या डिपो के एआरएम महेश कुमार ने बताया कि डिपो की इनकम छह लाख के करीब पहुंच गई है। यह अच्छा संकेत है। अगर सवारियां निकलती रहीं तो इनकम में और बढ़ोतरी होगी।