नगर निगम की टैक्स प्रणाली को आधुनिक बनाने की तैयारी
नगर निगम अपनी टैक्स प्रणाली में बदलाव करने जा रहा है.कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए होगा व्यवस्था में परिवर्तन.
अयोध्या : कोरोना ने इंसानी दिनचर्या ही नहीं बल्कि सरकारी कार्यालयों की व्यवस्था भी बदलने के लिए मजबूर कर दिया है। इसी के तहत नगर निगम अपनी टैक्स प्रणाली में बदलाव करने जा रहा है। व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाने के पीछे निगम की मंशा है कि लोग कम से कम नगर निगम कार्यालय आएं और टैक्स का भुगतान घर बैठे कर सकें। नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी इस योजना में काफी तेजी से कार्य कर रहे हैं। माना जा रहा है कि एक हफ्ते के भीतर इसे लागू भी कर दिया जाएगा, लेकिन इससे पूर्व अधिकारियों को काफी होमवर्क भी करना है।
नगर निगम की टैक्स प्रणाली अभी तक मैनुअल है। बिल घर-घर जाकर बांटे जा रहे हैं। कार्यालय में बिल जमा करने के लिए लोगों की कतार लगती है। बिल ठीक कराने व कर निर्धारण के लिए भी बड़ी संख्या में लोग निगम कार्यालय आते हैं। कोरोना से बचने का सबसे कारगर तरीका शारीरिक दूरी का पालन ही अभी तक सामने आया है। इसलिए नगर निगम अब कर प्रणाली को आधुनिक बनाकर इसे कैशलेस करना चाहता है।
.......
इस योजना पर चल रहा ट्रायल
-कर प्रणाली को हाईटेक बनाने के लिए नगर निगम में पोर्टल तैयार करने का कार्य चल रहा है। पोर्टल लगभग तैयार है, जिस पर भवन संख्या व अन्य जानकारियां फीड की जा रही हैं। नई व्यवस्था के तहत नगर निगम लोगों को कर जमा करने के लिए ऑनलाइन सेवा मुहैया कराएगा। यही नहीं बिल मुहैया कराने के लिए घर-घर जाने के बजाय एसएमएस भेजने की योजना है। यदि तय समय सीमा पर बिल भुगतान न हुआ तो दोबारा एसएमएस अलर्ट जारी किया जाएगा। अपर नगर आयुक्त सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि जल्द ही हाईटेक कर प्रणाली लोगों के सामने होगी।