रामलला का दर्शन करने दिल्ली से पहुंची महिलाओं से पुलिस ने की अभद्रता
अमावा राममंदिर के पास हुई घटनाएसपी सुरक्षा ने कहाकि कतार तोड़ कर आगे आना चाहती थीं महिलाएं
अयोध्या : दिल्ली से रामलला का दर्शन करने पहुंची महिला श्रद्धालुओं के साथ महिला पुलिस कर्मी ने अभद्रता की। घटना अमावा राम मंदिर के निकट की है। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है। दिल्ली के नरेला निवासी पूजा का कहना है कि वह लाइन में लगी थीं। धूप तेज थी इसलिए गर्मी के कारण उनके परिवार की एक महिला सदस्य का छोटा बच्चा रोने लगा। लाइन से हट कर महिला अपने बच्चे को लेकर किनारे छांव में बैठ गई। तभी वहां पहुंची महिला पुलिस कर्मी ने श्रद्धालु को धक्का देकर लाइन में लगने के लिए कहा। अभद्रता होती देख स्वजन इसका विरोध करने लगे। आरोप है कि इसके बाद तीन महिला पुलिस कर्मियों ने पूजा और उनकी मां शांति को पीटना शुरू कर दिया। इसे लेकर काफी देर तक अफरातफरी रही। महिला श्रद्धालु बिना दर्शन के ही वापस चली गईं। एसपी सुरक्षा पंकज कुमार का कहना है कि वर्तमान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलला का दर्शन करने के लिए उमड़ रहे हैं। अव्यवस्था न उत्पन्न होने पाए इसलिए कतारबद्ध कर श्रद्धालुओं को दर्शन कराया जाता है। महिला श्रद्धालु कतार तोड़ कर आगे आ गईं। ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस कर्मी ने उन्हें रोका तो श्रद्धालुओं की ओर से अभद्रता की गई, जिसमें महिला पुलिस कर्मी के हाथ में भी चोटें आईं हैं। श्रद्धालुओं से अपेक्षा है कि दर्शन के लिए बनाई गई व्यवस्था में सहयोग करें। महिला श्रद्धालुओं की ओर से भी कोई शिकायत नहीं की गई है।
आराध्य प्रतिमाओं के साथ की पंचकोसी परिक्रमा
अयोध्या : राजस्थान के टोक जिलांतर्गत मानपुरा गांव में श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान एवं राधा-कृष्ण की प्रतिमा स्थापित करने से पूर्व उन्हें अयोध्या लाया गया। इन प्रतिमाओं के साथ मानपुरा के श्रद्धालुओं ने रामलला का दर्शन किया एवं रामनगरी की पंचकोसी परिक्रमा की। इससे पूर्व प्रतिमाओं सहित श्रद्धालुओं का यह दल शुक्रवार को ही वरिष्ठ कांग्रेस नेता दयानंद शुक्ल के रानीमऊ स्थित निर्मल कुटिया पहुंच गया था और शनिवार को सुबह आठ बजे रामनगरी की ओर रवाना हुआ। इस दल में मानपुरा की श्रीराम महायज्ञ समिति के अध्यक्ष राम सिंह मीणा, गोपाल सिंह मीणा, देवाराम, लादूलाल, रामेश्वर चौधरी, शंकर कुंडी, रमेश विजय वर्गी, बालमुकुंद सोनी, नारायण गुर्जर, कलीदेवी, कल्लीदेवी, मीना शामिल रहीं। रानीमऊ से इस दल को कांग्रेस नेता दयानंद शुक्ल ने रवाना किया, तो अयोध्या शहर की सीमा सआदतगंज पर विधायक रामचंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ श्रद्धालुओं को रामनामी अर्पित कर स्वागत किया तथा कार्यक्रम के संयोजक राम सिंह मीणा को स्मृति चिह्न भेंट किया। जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, एआइसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, भीम शुक्ल, विजय पांडेय आदि ने इस दल का नयाघाट बंधा तिराहा पर स्वागत किया।