पोंजी कंपनी पर मुकदमा दर्ज
कुमारगंज बाजार में संचालित पोंजी कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने का मुकदमा इनायतनगर थाने में दर्ज हुआ है। पुलिस नामजद अभियुक्तों की तलाश में जुटी है.
मिल्कीपुर (अयोध्या): कुमारगंज बाजार में संचालित पोंजी कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने का मुकदमा इनायतनगर थाने में दर्ज हुआ है। पुलिस नामजद अभियुक्तों की तलाश में जुटी है।
कुमारगंज थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार में संचालित आई विजन कंपनी के विरुद्ध कदनपुर निवासी अरविद कुमार तिवारी ने छह लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। कंपनी के प्रचार प्रभारी अजय उपाध्याय व इनकी पत्नी ललिता उपाध्याय और पिता धरणीधर उपाध्याय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि अजय कुमार उपाध्याय अनी बुलियन व उसकी दूसरी कंपनी आई विजन में प्रचार प्रभारी के रूप में काम करते थे। उन्होंने आई विजन में 18 प्रतिशत मासिक ब्याज का लालच देकर उनसे छह लाख रुपये जमा कराए। इसके एवज में एक चेक दिया गया था, लेकिन साल भर बीतने के बाद ना तो रुपये मिले और ना ही चेक क्लियर हुआ। थानाध्यक्ष विजय सेन सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।