विधायक ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया निरीक्षण
तहसील क्षेत्र में रौनाही तटबंध से लेकर कैथी मांझा क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। कैथी मांझा सहित आधा दर्जन गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है। गांव छोड़कर लोग तटबंध पर आ कर आश्रय ले रहे हैं.
रुदौली : तहसील क्षेत्र में रौनाही तटबंध से लेकर कैथी मांझा क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। कैथी मांझा सहित आधा दर्जन गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है। गांव छोड़कर लोग तटबंध पर आ कर आश्रय ले रहे हैं। आठ अगस्त से मानसून के सक्रिय होने से हो रही बारिश से सरयू नदी में पुन:जल स्तर बढ़ना शुरू हुआ जो गुरुवार की रात को भारी बारिश होने के कारण सरयू नदी में उफान आने से हर जगह पानी ही पानी दिख रहा है। विधायक रामचंद्र यादव ने गुरुवार को रौनाही तटबंध से लेकर कैथी मांझा क्षेत्र का बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। बाढ़ प्रभावितों से उनकी समस्याएं जानी। उनकी तत्कालिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए विधायक ने प्रशासन को तत्काल प्रभाव से राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। विधायक ने कहा कि हम सरकारी व गैर सरकारी दोनों स्तर पर हर संभव मदद कर रहे हैं।