सिथेटिक ट्रैक के बीच शिफ्ट होगा फुटबाल का मैदान
अयोध्या डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल में फुटबाल खिलाड़ियों को अभ्यास
अयोध्या : डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल में फुटबाल खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए जल्द ही स्थाई मैदान मिलने जा रहा है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि इसी सत्र में सिथेटिक ट्रैक के बीच मानक के अनुरूप फुटबाल का मैदान स्थायित्व लेगा। फुटबाल खिलाड़ी उसी सुसज्जित मैदान पर अभ्यास कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि फुटबाल की ही तरह वॉलीबाल व हैंडबाल का भी मैदान खेल परिसर में व्यवस्थित किया जाएगा। अभी तक फुटबाल के खिलाड़ी क्रिकेट के बन रहे स्टेडियम में अभ्यास कर रहे हैं। वॉलीबाल और हैंडबाल के खिलाड़ी अपने छात्रावास के सामने मैदान बना कर अभ्यास कर रहे हैं। इन खेलों के यहां पर हॉस्टल भी संचालित हैं। उन्होंने बताया कि जिले के लगभग सभी प्रचलित खेलों के मैदान खेल परिसर में उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन खेलों के अतिरिक्त यहां पर महिला कुश्ती, महिला टेबिल-टेनिस व महिला बैडमिटन के भी हॉस्टल संचालित है। इन खेलों के खिलाड़ी बहुउद्देशीय हाल में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। हॉस्टल खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने के लिए शासन स्तर से नियुक्ति है। फुटबाल में मुकेश सब्बरवाल, वॉलीबाल में अखिल चौधरी, हैंडबाल में मो. इरफान, टेबिल-टेनिस में धीरेंद्र पुरुषोत्तम व बैडमिटन में नाजिया बेगम बतौर प्रशिक्षक का दायित्व निर्वहन कर रहे हैं। ये सभी खेल विभाग में उप क्रीड़ा अधिकारी के पद पर नियुक्त हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप