मानसून मेहरबान, सितंबर में ही बुझ गई धरती की प्यास
इस साल अबतक हुई सामान्य से ज्यादा बारिश.धान की फसल अछी होने का अनुमान किसान खुश.
अयोध्या: इस बार मानसून मेहरबान है। इस कारण करीब सात साल बाद सामान्य से अधिक बारिश हो चुकी है। अच्छी बारिश होने के कारण धान की फसल भी बढि़या है। उत्पादन बेहतर होने की आस लगाए किसान खुश नजर आ रहे हैं।
आम तौर पर जिले में वर्ष भर में सामान्य रूप से 1001.7 मिमी बारिश होती है, लेकिन 24 सितंबर को ही बारिश का आंकड़ा 1078 मिलीमीटर पहुंच गया। गुरुवार को जिले में 146 मिलीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई थी। मौसम विज्ञानी इसकी वजह मानसून का सक्रिय होना मान रहे हैं। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इस बार मानसून न केवल समय से सक्रिय हुआ, बल्कि अच्छी बारिश भी हुई। मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र के मुताबिक मानसून अभी भी सक्रिय है, इसलिए साल के अंत तक वार्षिक वर्षा का आंकड़ा भी बढ़ेगा। अग्रणी किसान घनश्याम वर्मा, राजेंद्र वर्मा, राकेश दुबे व रामकुमार का कहना है कि बारिश अच्छी होने से धान की पैदावार भी इस बार बेहतर होगी।
---------
साल-बारिश (मिमी में)
2013-1148
2014-687
2015-542
2016-739
2017-883
2018-836
2019-1011
2020-1078
-----------------
धूप-छांव के बीच हल्की बारिश
शुक्रवार को पूरे दिन धूप-छांव का खेल चलता रहा, सुबह के समय हल्की बारिश भी हुई। इसके बावजूद तापमान सामान्य से नीचे ही रहा। इससे पहले गुरुवार को भारी बारिश से जनजीवन खासा प्रभावित हुआ था। उम्मीद है कि शनिवार को भी बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार से आसमान साफ होने की उम्मीद है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से ढाई डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा।