किसानों के बैंक एकाउंट में धनराशि सीधे ट्रांसफर : लल्लू
सांसद लल्लू सिंह ने कहा किसानों के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न लाभकारी योजनाएं संचालित हैं। किसानों को इसका सीधे लाभ मिल रहा है। योजनाएं भ्रष्टाचार से मुक्त हैं। सीधे उनके खाते में पैसा जा रहा है।
अयोध्या : सांसद लल्लू सिंह ने कहा, किसानों के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न लाभकारी योजनाएं संचालित हैं। किसानों को इसका सीधे लाभ मिल रहा है। योजनाएं भ्रष्टाचार से मुक्त हैं। सीधे उनके खाते में पैसा जा रहा है। योगी सरकार ने फसल ऋण मोचन, किसान सम्मान योजना, गन्ना भुगतान एवं गेहूं क्रय एवं धान क्रय में विशेष सफलता अर्जित की है। सांसद सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन योजना (आत्मा) वर्ष 2021-22 के तहत जिला स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी/कृषि मेला-प्रदर्शनी के उद्घाटन के बाद किसानों को संबोधित कर रहे थे। आयोजन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के परिसर में किया गया था। सांसद, जिलाधिकारी अनुज कुमार झा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कृषि, सहकारिता, उद्यान, गन्ना, भूमि संरक्षण, यूपी एग्रो आदि ने खेती-किसानी से संबंधित स्टाल लगाया था। फसल ऋण मोचन योजना में जिले के कुल 62197 लाभार्थी कृषकों को 284.78 करोड़ की धनराशि का लाभ मिला। पीएम किसान सम्मान योजना में 367724 लाभार्थी कृषकों को 537.52 करोड़, गन्ना भुगतान में 97107 कृषकों को 1931 करोड़, गेहूं खरीद में 12604 कृषकों को 99.60 करोड़ व धान क्रय में 17694 किसानों को 153.20 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। 44 केंद्रों पर एक नवंबर से धान खरीद शुरू होने के बारे में बताया गया। विधायक रामचंद्र यादव, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय सहित अनेक कृषि वैज्ञानिक, जिला स्तरीय अधिकारी, सैकड़ों की संख्या में किसान उपस्थित रहे। उपनिदेशक कृषि डॉ. संजयकुमार त्रिपाठी ने बताया कि कृषि विभाग किसानों के लाभ के लिए कृत संकल्पित है। जिला विकास अधिकारी प्रदीप कुमार पांडेय, राजकीय उद्यान अधीक्षक भूषणप्रसाद सिंह, उपनिदेशक सूचना डॉ. मुरलीधर सिंह, जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह,भूमि संरक्षण अधिकारी सुभाष वर्मा, सहायक निदेशक मृदा परीक्षण डॉ. सौरभ वर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला कृषि अधिकारी ने किया। सांस्कृतिक दल प्रकृति यादव आदि साथी कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।