हर बूथ पर हाईटेक प्रचार की तैयारी में भाजपा
सभी बूथों पर बनाए जा रहे वाट्सएप ग्रुप
अयोध्या: कोरोना संक्रमण की पाबंदियों के बीच भाजपा ने हाईटेक प्रचार की तैयारी कर ली है। न सिर्फ जिले बल्कि, बूथ इकाई स्तर पर वाट्सएप ग्रुप बनाए जा रहे हैं। इन ग्रुपों में बूथ अध्यक्ष, प्रभारी महामंत्री व समिति के सदस्यों के अलावा प्रबुद्ध वर्ग के लोगों को शामिल किया जा रहा है। ग्रुप पर सरकार की उपलब्धियां व भावी योजनाओं को भी साझा किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर किए गए विकास कार्यों का लेखा-जोखा भी ग्रुप के माध्यम से लोगों को उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे यदि कोरोना के चलते रैलियां आदि नहीं हो सकें तो भी लोगों को उपलब्धियों व क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी जा सके। हालांकि, जिले में विधानसभा चुनाव के लिए पांचवें चरण में यानी 27 फरवरी को वोट डाला जाएगा, लेकिन भाजपा ने प्रचार में फ्रंटफुट पर रहने के लिए अब हाईटेक मार्ग चुन लिया है।
भाजपा की योजना हर क्षेत्र में एक वार रूम तैयार करने की है। वार रूम से न सिर्फ पूरे क्षेत्र की निगरानी की जाएगी, बल्कि लोगों को फोन भी किए जाएंगे, जिससे हर मतदाता तक भाजपा की पहुंच बन सके। इन्हीं केंद्रों से इंटरनेट मीडिया पर भी जानकारियों को साझा किया जाएगा। इसके लिए प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की टीम भी तैयार की जा रही है, जिससे विपक्षी दलों के आरोपों का जवाब देने के साथ ही भाजपा चुनाव में अग्रिम मोर्चे पर रहे। जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने बताया कि सभी क्षेत्रों में वार रूम की स्थापना शीघ्र की जाएगी।
राष्ट्रीय शिवसेना के अध्यक्ष बने परमहंस
अयोध्या : आचार्य पीठ तपस्वी छावनी पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य को राष्ट्रीय शिवसेना का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। राष्ट्रीय शिवसेना के संस्थापक धर्मेंद्र पांडेय ने तपस्वी छावनी पहुंच उन्हें संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया। परमहंस आचार्य ने कहा कि नई जिम्मेदारी से बहुत ही अभिभूत हूं। कहा, मकसद भारत को हिदू राष्ट्र घोषित कराना है और इस दिशा में नया दायित्व मील का पत्थर साबित होगा।