बकौली के कबीर पंथी आश्रम के बहुरेंगे दिन
बकौली गांव में स्थित कबीर पंथी आश्रम के दिन अब बहुरेंगे। यहां पर विकास कार्यों की जरूरत है।
अयोध्या : बकौली गांव में स्थित कबीर पंथी आश्रम के दिन अब बहुरेंगे। यहां पर विकास कार्यों की योजना बन गई है। आश्रम का जीर्णोद्धार कराने की पहल विधायक रामचंद्र यादव ने की है। विधायक ने अपनी निधि से बकौली गांव से आश्रम तक लगभग 500 मीटर सड़क का शिलान्यास किया। अभी तक आश्रम तक आने के लिए अनुयायियों को कच्चे रास्ते से गुजरना पड़ता था। पक्की सड़क बनाने का कार्य शुरू हो गया है। प्रार्थना, भजन व सत्संग के लिए विधायक ने परिसर में एक बड़े टिन शेड का निर्माण कराने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा, बकौली के कबीरपंथी आश्रम को विकसित करने का प्रयास शुरू किया गया है। मौजूद ग्राम प्रधानों से भी विधायक ने सहयोग प्रदान करने की अपील की। यह आश्रम लगभग 150 वर्ष पुराना बताया जा रहा है। इस आश्रम से हजारों लोग जुड़े हैं। विधायक ने बीडीओ मोनिका पाठक व मनरेगा तकनीकी सहायक आशीष तिवारी के साथ कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया। उसमें टिन शेड, सामुदायिक शौचालय, स्नानागार, छोटा पार्क, परिसर में इंटरलाकिग, रंग रोगन सहित अन्य कार्य शामिल है। संत कबीर अध्यात्म संस्थान के संस्थापक गुरुदेव निष्ठा साहेब दास ने विधायक का आभार जताते हुए कहा, आश्रम के कायाकल्प की तरफ पहली बार किसी ने सोचा है। उन्होंने सराहना करते हुए सभी से धर्म के मार्ग पर चलने की अपील की। कहा कि यहां की सुविधाएं बढ़ने से आने वाले श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी। अध्यक्ष आलोक दास, प्रभात दास, प्रधान विक्रमा यादव, सुनील मिश्र, धर्मेंद्र सिंह, तेज तिवारी, जेपी यादव, कुलदीप, निर्मल शर्मा, करिया शुक्ल सहित आश्रम से जुड़े सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।