मिल्कीपुर सुरक्षित सीट पर दावेदारों की लंबी फेहरिस्त
यूपी में पहली बार चुनाव मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी ने ही अभी तक घोषित किया है उम्मीदवार भाजपा सपा व बसपा के प्रत्याशियों का इंतजार
अयोध्या (महेंद्र तिवारी): वर्ष 2012 में जिले की चर्चित मिल्कीपुर विधानसभा सीट सुरक्षित घोषित हो गई। सुरक्षित सीट पर वर्तमान में भाजपा का कब्जा है, लेकिन इसके पहले यह सपा की झोली में थी। हालांकि वर्ष 2022 में यहां से दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है। पर अभी तक आम आदमी पार्टी को छोड़ कर अन्य दलों ने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है।
यह विधानसभा क्षेत्र तीन ब्लाकों मिल्कीपुर, हैरिग्टनगंज व अमानीगंज को मिला कर कर बना है। 2012 से पहले मिल्कीपुर सीट पर जनसंघ, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, कांग्रेस, सपा, बसपा और भाजपा का कब्जा रह चुका है। 2012 में सीट सुरक्षित होने पर समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता अवधेश प्रसाद ने चुनाव लड़ा। भाजपा ने रामू प्रियदर्शी व बसपा ने तत्कालीन जिलाध्यक्ष पवन कुमार गौतम को मैदान में उतारा था। कांग्रेस ने दो बार जिला पंचायत सदस्य रहे भोलानाथ भारती को प्रत्याशी बनाया था। चुनाव में सपा के अवधेश प्रसाद 73 हजार 803 मत पाकर 34 हजार 237 मतों के अंतर से बसपा के पवन कुमार गौतम से चुनाव जीत गए। भाजपा 32 हजार 972 मत पाकर तीसरे नंबर पर रही, जबकि कांग्रेस 16हजार 651 मत पाकर चौथे नंबर पर रही। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रत्याशी बदला और गोरखनाथ बाबा को चुनाव मैदान में उतारा। बसपा ने भी प्रत्याशी को बदल कर रामगोपाल कोरी को टिकट दिया। वहीं कांग्रेस ने सपा से गठबंधन कर प्रत्याशी नहीं खड़ा किया। भाजपा की लहर में गोरखनाथ बाबा 86 हजार 960 मत पाकर विजयी हुए। वहीं सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे अवधेश प्रसाद 56हजार 696 मत पाकर रनर रहे। बसपा तीसरे स्थान पर रही। 2022 के चुनाव की घोषणा होने के बाद आम आदमी पार्टी ने पहली बार हर्षवर्धन कोरी को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं सपा में अवधेश प्रसाद के मुकाबले कोई और टिकट का दावेदार नहीं दिख रहा है। वह अपने चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। सत्तारूढ़ भाजपा में टिकट के दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है। मौजूदा विधायक गोरखनाथ बाबा के अलावा नीरज कनौजिया, सियाराम रावत, विनय कुमार रावत,जिला पंचायत सदस्य बब्लू पासी व अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष चंद्रकेश रावत और रुदौली से जिला पंचायत सदस्य चंद्रभान पासवान टिकट की दौड़ में शामिल हैं। वहीं बसपा से पूर्व प्रत्याशी रामगोपाल कोरी की पत्नी व हरीनाथ पासी टिकट की दौड़ में शामिल हैं। कांग्रेस पार्टी से पूर्व विधायक माधव प्रसाद के पुत्र बृजेश कुमार रावत व नीलम कोरी प्रमुख दावेदारों में शुमार हैं।
एक नजर में मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र
कुल मतदाता - तीन लाख 56 हजार 839
पुरुष मतदाता - एक लाख 89 हजार 485
महिला मतदाता- एक लाख 67 हजार 343
अन्य -01
कुल मतदान बूथ- 460
वल्नरेबल - 17
क्रिटिकल - 44