175 करोड़ से बनेगा गोसाईंगंज व मयाबाजार में बाईपास
रीडगंज (अयोध्या) से बसखारी- अंबेडकरनगर के लिए प्रस्तावित फोरलेन कस्बा गोसाईंगंज व मयाबाजार से होकर नहीं जाएगा। बाईपास का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री की सहमति के बाद बाईपास का आगणन कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड ने शासन भेजा है.
अयोध्या: रीडगंज (अयोध्या) से बसखारी- अंबेडकरनगर के लिए प्रस्तावित फोरलेन कस्बा गोसाईंगंज व मयाबाजार से होकर नहीं जाएगा। बाईपास का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री की सहमति के बाद बाईपास का आगणन कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड ने शासन भेजा है। दोनों बाईपास के निर्माण की अनुमानित लागत लगभग 175 करोड़ रुपये आंकी गई है। स्वीकृत फोरलेन के लिए पहले आगणन में बाईपास का प्रावधान नहीं रहा। दोनों बाजारों के व्यापारियों की परेशानी को जायज मान सांसद लल्लू सिंह व इलाकाई विधायक इंद्रप्रताप तिवारी खब्बू अलग-अलग मुख्यमंत्री से मिले। बाईपास का निर्माण कराना जनहित में जरूरी बताया। बाईपास के चलते आए दिन दोनों बाजारों में लगने वाले जाम से छुटकारा मिल जाएगा। दोनों कस्बे से फोरलेन का निर्माण कराए जाने से सड़क के किनारे की ज्यादातर दुकानें उसके दायरे में आ जाएंगी। सैकड़ों की तादाद में दोनों बाजार के व्यापारी बेरोजगार हो जाएंगे। परिवार का खर्च चलाना उनके सामने नई चुनौती होगी। मुख्यमंत्री ने मिलने गए सांसद व विधायक को बाईपास निर्माण कराने की सहमति दी। कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड के अनुसार गोसाईंगंज का बाईपास 3.07 किमी व मयाबाजार का 2.08 किमी. लंबा है। बाईपास की अनुमानित लागत में भूमि अर्जन की धनराशि भी शामिल है। पहले फोरलेन की लागत छह सौ करोड़ रही। कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सौंप दिया गया। सौंपे जाने को अदालत में चुनौती दी गई। अदालत के आदेश के बाद फिर से निर्माण नामित कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड पीडब्ल्यूडी को मिला। जिले में लगभग 37 किमी लंबे फोरलेन का निर्माण होना है। अवशेष निर्माण अंबेडकरनगर के पीडब्ल्यूडी को कराना है।