निर्वाचक नामावली में बढ़ेंगे 17 हजार से ज्यादा नाम
निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण में 16 हजार 786 नाम बढ़ेंगे। प्रारूप-छह पर नाम बढ़ाने के ये आवेदन रविवार तक आए हैं। पुनरीक्षण कार्य 15 दिसंबर तक चलेगा।
अयोध्या: निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण में 16 हजार 786 नाम बढ़ेंगे। प्रारूप-छह पर नाम बढ़ाने के ये आवेदन रविवार तक आए हैं। पुनरीक्षण कार्य 15 दिसंबर तक चलेगा। अंतिम विशेष अभियान में जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने तहसील बीकापुर के भारती इंटर कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय जलालपुर माफी एवं शेरपुर पारा के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में सभी को निर्देशित किया कि वह अपने क्षेत्र में सभी पात्र महिला मतदाताओं, 18-19 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं, दिव्यांगजनों का नाम शत प्रतिशत शामिल कराएं। जो मृतक, शिफ्टेड या डबल हैं, उनको डिलीट कराना सुनिश्चित करें। मुख्य राजस्व अधिकारी पीडी गुप्त ने रुदौली के कई बूथों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। पूरे काजी, बसौडी, पूरे लाल शाह, सैमसी सहित कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। एसडीएम रुदौली बिपिन कुमार सिंह साथ रहे। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), संतोषकुमार सिंह ने सोहावल व अपर जिलाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) जेपी सिंह बीकापुर, अपर जिलाधिकारी (नगर), डॉ. वैभव शर्मा सदर व उप संचालक चकबंदी मिल्कीपुर ओमप्रकाश गुप्त ने 15-15 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया। पर्यवेक्षण के दौरान कतिपय मतदेय स्थलों को छोड़कर सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ उपस्थित मिले। अब तक कुल फार्म-6 16 हजार 786, फार्म-7 सात हजार 323 एवं फार्म-8 एक हजार 522 प्राप्त हुए हैं।
नहीं आए बीएलओ
रुदौली(अयोध्या):भाजपा नगर अध्यक्ष शेखर गुप्त के अनुसार रुदौली नगर के कई मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस में बीएलओ नहीं आए।नग रअध्यक्ष के अनुसार नगर के चंद्रदेव विद्यालय पर बूथ संख्या 310 की बीएलओ सुमन व 312 की बीएलओ अर्चना मौजूद नहीं थीं। नाम बढ़ाने गए लोगों को निराश लौटना पड़ा। मोहल्ला कटरा स्थित मतदान केंद्र मीडिल स्कूल के बूथ संख्या 328 का भी बीएलओ नहीं आया। मोहल्ला ़ख्वाजहाल स्थित इस्लामिया स्कूल के पांच बूथ के बीएलओ में से सिर्फ एक की मौजूदगी रही। बूथ संख्या 336 की बीएलओ पूनम मिश्र,337 के राजकुमार,338 के विद्यावती व 340 के मनोज कुमार भी अपने बूथ पर नहीं थे। भाजपा नगर अध्यक्ष ने बीएलओ की शिकायत उपजिलाधिकारी से की है।