7100 व्यावसायिक वाहनों पर 15 करोड़ रुपये बकाया
बकाया वसूलने के लिए परिवहन विभाग ने छेड़ा अभियान.छह हजार वाहनों के खिलाफ आरसी जारी दो दिन में संचालित मिले 10 वाहन किए गए सीज.
अयोध्या: राजस्व वसूली का ग्राफ गिरा तो परिवहन विभाग हरकत में आ गया है। जिले में व्यावसायिक वाहनों पर करोड़ों का बकाया है। जिस पर पेनाल्टी भी लगभग उतनी ही बन गई है। व्यावसायिक वाहन स्वामी परेशान हैं कि जब आय नहीं है, तो कर कहां से बकाया कर जमा करें। परिवहन विभाग ने जो सूची तैयार की है, उसके मुताबिक जिले में 7100 व्यावसायिक वाहनों पर लगभग 15 करोड़ रुपये विभिन्न कर का बकाया है और लगभग इतनी ही पेनाल्टी बन गई है। अगर दोनों जोड़ लिया जाए तो 30 करोड़ की देनदारी व्यावसायिक वाहनों पर बन रही है। जिसको वसूल पाना परिवहन विभाग के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होगा।
परिवहन आयुक्त धीरज कुमार ने संभागीय परिवहन अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि बकाए में संचालित व्यवसायिक वाहनों के खिलाफ 31 अगस्त तक अभियान चलाकर बकाया धनराशि की वसूली की जाए। इस अभियान का नेतृत्व संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन व प्रवर्तन स्वयं करेंगे। इस निर्देश के बाद मंडल व जिले स्तर पर अधिकारी हरकत में आ गए हैं। अयोध्या के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) नंदकुमार की माने तो बकायेदारों की सूची तैयार कर फोन से सूचना दी जा रही है। छह हजार बड़े व्यवसायिक वाहनों के बकाएदारों के खिलाफ आरसी जारी कर दी गई हैं, शेष को डिमांड भेज दी गई है। बकाए के बावजूद संचालित व्यवसायिक वाहन ट्रक, बस समेत 10 वाहनों को चेकिग दल ने सीज करवाया है। मंडल के संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सुभाष चंद्र कुशवाहा ने बताया कि लॉकडाउन की वजह से व्यवसायिक वाहन स्वामियों को सुविधा देते हुए पेनाल्टी पर सहानुभूति पूर्वक विचार किए जाने का निर्णय लिया गया है।