चचेरी बहन की शादी में आए युवक की गला घोंटकर हत्या
संवादसूत्र इकदिल (इटावा) ग्राम नगला तार में चचेरी बहन की शादी में आए एक युवक की गुरुवार
संवादसूत्र, इकदिल (इटावा) : ग्राम नगला तार में चचेरी बहन की शादी में आए एक युवक की गुरुवार की रात में रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसका शव गांव के मध्य बने मंदिर के पास मिला। वह रात में गांव में घूमने जाने की कहकर घर से निकला था। 20 वर्षीय गौरव राजपूत पुत्र वीरेंद्र सिंह राजपूत निवासी नगला तार का शव घर के समीप करीब 40 मीटर दूरी पर बने कुआं के पास शुक्रवार को तड़के मिला। वह मानेसर गुरुग्राम में किसी प्राइवेट कंपनी में मजदूरी करता था। गुरुवार को दिल्ली से अपने गांव में चचेरी बहन के शादी समारोह में सम्मिलित होने के लिए आया था। स्वजन के मुताबिक चचेरी बहन के लग्न फलदान जाने की रस्म में गौरव शामिल नहीं हो सका था। गुरुवार की रात में मां सुशीला देवी से यह कहकर गया था कि गांव में घूमने जा रहा। देर रात तक घर न आने के कारण माता-पिता उसको ढूंढते रहे। शुक्रवार को तड़के करीब चार बजे चचेरी बहन का भाई भुवनेश अपने किसी रिश्तेदार को बाइक से छोड़ने जा रहा था तभी उसकी नजर कुआं के पास मृत पड़े गौरव पर पड़ी। तब उसने इसकी जानकारी मृतक के स्वजन को दी। स्वजन के साथ मौके पर पहुंची मां सुशीला देवी गश खाकर गिर पड़ी। स्वजन की सूचना पर इकदिल थाना प्रभारी जीवाराम यादव घटनास्थल पर पहुंच गए। उनके बाद एएसपी नगर प्रशांत कुमार प्रसाद, सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह व फॉरेंसिक टीम डॉग स्क्वाड टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। वीरेंद्र सिंह राजपूत ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी है। गौरव के गले में रस्सी का निशान है। पास में ही रस्सी पड़ी मिली। वीरेंद्र ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज किए जाने को थाने में तहरीर दी, जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया। गौरव तीन भाईयों में मझला था। वह सगे बड़े व छोटे भाई व एक बहन को छोड़ गया है। एएसपी ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना और दर्ज रिपोर्ट के आधार पर विवेचना की जा रही है।