जल्द विदाई कराने पर बरातियों व घरातियों में हुई मारपीट
जागरण संवाददाता इटावा लॉकडाउन के नियमों के तहत जल्दी विदा कराने को लेकर शहर से स
जागरण संवाददाता, इटावा : लॉकडाउन के नियमों के तहत जल्दी विदा कराने को लेकर शहर से सटे थाना इकदिल के तहत आने वाले ग्राम परमधाम में स्थित माही गेस्ट हाउस में बरातियों व घरातियों में मारपीट हो गई। यहां पर वधू पक्ष के लोग दो बेटियों की शादी करने कानपुर देहात के ग्राम मदनपुर थाना सिकंदरा से आए थे।
लड़का माही मैरिजहोम के चौकीदार सुरेन्द्र का पुत्र सूरज है। सोमवार शाम को सात बजे विदा व रस्में जल्दी कराने को लेकर वर-वधू पक्ष आपस में भिड़ गए। इससे मैरिज होम के संचालक रजत त्रिपाठी पुत्र वेद प्रकाश ने अपने सहयोगियों के साथ वधू पक्ष के लोगों की मारपीट कर दी। इसके बाद गुस्साए वधु के पिता छेदी लाल बिना शादी किए ही वापस चले गए। छेदी लाल पुत्र किशोरी लाल निवासी कानपुर देहात ने मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा कि उनकी बेटी की शादी थी। मैरिज होम संचालक जल्द ही विदाई करने का जोर दे रहे थे। लेकिन देरी होती देख संचालक मैरिजहोम रजत त्रिपाठी पुत्र वेद प्रकाश व उनके अन्य साथियों ने लड़की पक्ष के साथ जमकर मारपीट कर दी। जिससे लड़की के पिता व उसके दामाद को काफी चोटें आई। लड़की पक्ष के लोगों ने इकदिल थाना पहुंच कर तहरीर दी। थाना पुलिस ने उसी के आधार पर एससी एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज करके जांच शुरु की है। लड़की के पिता, पुत्री व दामाद को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। परिजन बिना शादी किए ही पुत्री को वापस घर ले गए। बताया गया है कि लड़के का पिता सुरेंद्र इसी मैरिज होम में चौकीदारी करता है इसलिए वह अपने बेटों की शादी यहां से कर रहा था।