UP Board Results 2019 : सोशल मीडिया से था परहेज पर इंटरनेट की मदद से मिली बड़ी सफलता
यूपी बोर्ड हाईस्कूल परिणाम में प्रदेश की टॉप टेन सूची में जैनब ने नौवां स्थान हासिल किया है।
इटावा, जेएनएन। यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल की टॉप टेन सूची में नौवां स्थान हासिल करने वाली जैनब ने इंटरनेट की दुनिया का सही इस्तेमाल करने की मिसाल दी है। उन्हें सोशल मीडिया से परहेज है लेकिन इंटरनेट की मदद से उन्होंने सफलता का यह मुकाम हासिल किया है। 10वीं में 94.5 फीसद अंक प्राप्त करके वह काफी खुश हैं।
लोहामंडी जसवंत नगर निवासी मोहम्मद वकील की पुत्री जैनब ने जसवंतनगर के सुघर सिंह इंटर कालेज से हाईस्कूल की परीक्षा दी। शनिवार को जब परिणाम आया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। जैनब ने प्रदेश की मैरिट सूची में नवां स्थान पाया है, उसे 600 में से 567 अंक मिले हैं। जैनब अपने रिजल्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं। जैनब के पिता मोहम्मद वकील पेशे से व्यवसायी हैं और उनकी एक दुकान है और माता अफसाना गृहणी हैं। छोटा भाई दानिश कक्षा छह का छात्र है।
जैनब बताती हैं कि वह प्रतिदिन 6 से 8 घंटे की पढ़ाई करती हैं और कोचिंग भी जाती थीं। सोशल मीडिया से परहेज हैं लेकिन अपनी पढ़ाई में गणित की सवालों को हल करने के लिए इंटरनेट की मदद जरूर ली। इससे उसे प्रश्न पत्र हल करने में काफी मदद मिली है। अब उनका सपना आइएएस बनने का है। राजनीति के सवाल पर कहा कि इसमें कोई रुचि नहीं है।
जैनब बताती हैं कि माता-पिता ने हमेशा उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित किया है, वह अपने माता-पिता का नाम रोशन करना चाहती हैं और जिले के लोगों की सेवा करना चाहती हैं। कहा, उसे विश्वास नहीं था कि उसका नाम प्रदेश की मेरिट सूची में आएगा।