मौसम हुआ साफ, धूप का खूब लिया आनंद
जागरण संवाददाता इटावा शुक्रवार को मौसम साफ हो गया सूर्योदय समय से होने पर वातावरण
जागरण संवाददाता, इटावा : शुक्रवार को मौसम साफ हो गया, सूर्योदय समय से होने पर वातावरण में सर्दी की सिहरन कम हुई लेकिन पहाड़ों पर जारी बर्फबारी से हवा चलने पर सर्दी की सिहरन बरकरार है। तापमान सुबह न्यूनतम 10 तो दोपहर में अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। दोपहर में बेहतरीन धूप खिलने से लोगों ने धूप का जमकर आनंद लिया। सहालग चलने से बाजारों तथा सार्वजनिक स्थानों पर चहल-पहल का माहौल नजर आया।
दक्षिण प्रांतों में तूफान थमने के बाद उत्तर भारत में भी मौसम साफ हो गया, इसके चलते सुबह नौ से शाम चार बजे तक सूरज की चमक भरपूर होने से धूप जमकर खिली। अधिकांश वृद्धों ने धूप का जमकर आनंद लिया। अधिकांश घरों में महिलाओं ने छत पर कपड़ों में व्याप्त नमी धूप दिखाकर दूर की। सहालग होने से बाजारों में काफी चहल-पहल नजर आई। अधिकतर लोगों को गर्म कपड़ो और गर्म वस्तुओं की खरीददारी करते देखा गया। बस स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ नजर आई। शाम होते ही वातावरण में सर्दी की सिहरन बढ़ने लगी जिससे अधिकांश सड़कों पर सन्नाटा सा पसर गया।
अब उत्तर-पश्चिम से चलेगी सर्द हवा
कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय का कहना है कि अब उत्तर-पश्चिम से सर्द हवा चलेगी जिससे न्यूनतम तापमान गिरने लगेगा। जिन किसानों की आलू की फसल 30 से 35 दिन पूर्व की हो चुकी है वे आलू के पौधों पर मिट्टी चढ़ाने का कार्य करें। मौसमी सब्जियों में गाजर, पालक, बथुआ, मटर आदि की बोआई करें। इससे पूर्व में लगाई सब्जियों की फसल की निराई-गुड़ाई करें। खर-पतवारों पर नियंत्रण लगाने के लिए समुचित उपचार करें।