दो घंटे में तय होता सात किलोमीटर का सफर
राजेंद्र सिंह भदौरिया उदी इटावा-ग्वालियर मार्ग पर यमुना से चंबल नदी पुल के मध्य करीब सात
राजेंद्र सिंह भदौरिया, उदी इटावा-ग्वालियर मार्ग पर यमुना से चंबल नदी पुल के मध्य करीब सात किमी सड़क बारिश के कारण कई जगह कट गया,कई स्थानों में सड़क पर गहरे गड्ढे हो गये। लगभग ध्वस्त हो चुकी इस सड़क पर दिन में कई बार घंटों के लिए जाम लगता है। दूसरी ओर चंबल नदी का पुल जर्जर हालत में होने से हर समय खतरा मंडराता रहता है। इतना सब होने के बावजूद अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं, दस मिनट के सफर के लिए कई बार दो घंटे से अधिक समय लगता है।
यमुना नदी के उत्तरी छोर तक मार्ग फोरलेन होने के साथ मानिकपुर-सुनवारा के नाम से फोरलेन बाईपास भी बना दिया गया है लेकिन अनदेखी के चलते इस सात किमी की दूरी में चौड़ीकरण तो दूर मरम्मत कार्य भी सही ढंग से नहीं किया गया। पिछले कई वर्षों से पैचवर्क के साथ कटान वाले स्थानों को मिट्टी से भराव के नाम पर लीपापोती करके आम जनता के खून-पसीने की कमाई को उड़ाया जा रहा है। बीते सप्ताह में दो बार लगातार कई घंटों तक हुए बरसात ने पैचवर्ग और कटान भराई के दावों की पोल खोलकर रख दी है। गहरे गड्ढों के साथ ग्राम नगला गौर व कामेत तथा चंबल पुल के समीप कई स्थानों पर मार्ग के दोनों तरफ मिट्टी का कटान खाई के रूप में परिवर्तित हो गया है। रोजाना दो पहिया वाहन सवार गिरकर चुटहिल हो रहे है, भारी वाहनों में टूटफूट हो रही है। इसके चलते घंटों के लिए जाम लग जाता है जो तभी खुलता है जब पुलिस फोर्स कड़ी मशक्कत करता है। क्या कहते हैं लोग ग्राम उदी निवासी ट्रांसपोर्ट व्यवसायी नीरज भदौरिया का कहना है कि यमुना पुल से लेकर चंबल पुल तक सड़क का बुरा हाल है। जगह-जगह सड़क में गड्ढे जानलेवा बने हुए हैं। गड्ढों का कारण कई ट्रकों के टायर फट चुके हैं, आये दिन की टूटफूट से हजारों रुपये का नुकसान हो रहा है। उदी मोड़ निवासी सुभाष सेंगर का कहना है कि इस मार्ग को कई साल से नेशनल हाईवे फोरलेन बनाने की बात कह रहा है लेकिन फोरलेन तो बना नहीं अब यह सिगल रोड भी बद से बदतर स्थिति में हो गया है। दोपहिया वाहन पर सफर करना काफी मुश्किल भरा होता है। जल्द सुधार न हुआ तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इटावा-ग्वालियर मार्ग को लेकर नेशनल हाईवे के अधिशासी अभियंता से बात की गई है उन्हें तत्काल मार्ग ठीक कराने को निर्देशित किया गया है। अधिशासी अभियंता ने सोमवार से मार्ग की मरम्मत कराने का भरोसा दिया है।
सरिता भदौरिया
सदर विधायक इस मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव विश्व बैंक में स्वीकृत होने वाला है इससे पैचवर्क से मार्ग दुरस्त रखने के भरसक प्रयास जारी हैं। जल्द ही मार्ग को ठीक कराया जाएगा।
सुभाष शर्मा
सहायक अभियंता आंकड़े एक नजर में रोजाना आवागमन : 10 हजार वाहन
सड़क की चौड़ाई : सात मीटर
प्रस्तावित चौड़ाई : 10 मीटर