राजनीति के अखाड़े में मजबूती से उतरेंगे राजपाल यादव
अपने अभिनय से लोगों को गुदगुदाने वाले प्रख्यात बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव अब राजनीति के अखाड़े में मजबूती से उतरने का इरादा बनाया है। हास्य अभिनेता राजपाल मंगलवार की देर रात ग्राम कुशगवां अहिरान स्थित अपने दामाद संदीप यादव के यहां आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने आये थे।
संवादसूत्र, बकेवर (इटावा) : अपने अभिनय से लोगों को गुदगुदाने वाले प्रख्यात अभिनेता राजपाल यादव इस बार राजनीति के अखाड़े में मजबूती से उतरेंगे। इसके लिए उन्होंने सर्व समभाव पार्टी बनाई है। मंगलवार को दैनिक जागरण से बातचीत के दौरान उन्होंने एलान किया कि इस बार विवाद नहीं संवाद की राजनीति करेंगे।
वे मंगलवार देर रात ग्राम कुशगवां अहिरान स्थित अपने दामाद संदीप यादव के यहां आयोजित एक धार्मिक कार्यकम में भाग लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों की तरह हमारी पार्टी भी चुनाव लड़ेगी, लेकिन अंदाज अलग होगा। हम समाज को सिखाएंगे कि राजनीति कैसे की जाती है। लोकतंत्र किस तरीके से मजबूत और पुख्ता होता है। पार्टी की स्थापना लोगों की सेवा के उद्देश्य से की गई है। हमारा दल सत्तामुखी और स्वार्थमुखी नहीं बल्कि समाजोन्मुखी होगा। इसके लिए प्रतिबद्ध रहना ही संकल्प है। कॉमेडी में कोई किंग नहीं होता
राजपाल यादव ने कहा कि वह कॉमेडी में किंग की अवधारणा को नहीं मानते, लोगों का प्यार मिलता रहे बस यही बड़ी बात है। लोगों को हंसाना क्रिएटिविटी है। इसमें न कोई किंग है और न ही कोई रंक। सिर्फ काम की वजह से ही तारीफ मिलती है। यदि टाइमिंग ठीक है तो पूरे अंक मिलेंगे नहीं तो जीरो। बस ईमानदारी से अपना काम करें तो सफलता जरूर मिलेगी।