लक्ष्य से चार फीसद अधिक हो गई धान की खरीद
जागरण संवाददाता इटावा जनपद में सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद लक्ष्य से अभी तक चार फ
जागरण संवाददाता, इटावा : जनपद में सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद लक्ष्य से अभी तक चार फीसद अधिक हो चुकी है। अभी फरवरी माह तक धान की खरीद जारी रहेगी। खरीद न होने की ज्यादातर शिकायतों का जल्द निस्तारण किया गया। इससे कहीं अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। उच्चाधिकारियों की सजगता से किसानों के धान की जमकर खरीद हुई।
जनपद में इस साल धान की सरकारी खरीद का लक्ष्य 35 हजार मीट्रिक टन निर्धारित किया गया था। 15 अक्टूबर 2020 से जनपद के विभिन्न स्थानों पर 29 क्रय केंद्रों के माध्यम से धान की खरीद शुरू कराई गई। शुरूआती दौर में खरीद न होने को लेकर किसानों ने शिकायतें की लेकिन धरातल पर धान गीला होने पर अधिकतर शिकायतें बेमानी साबित हुईं। डीएम श्रुति सिंह ने अमले के साथ सरकारी केंद्रों का निरीक्षण करके हनक स्थापित की तो दूसरी ओर किसानों को धान सुखाकर और साफ लाने की अपील की गई। उनकी इस अपील का किसानों पर खासा प्रभाव पड़ा, जिससे केंद्रों पर किसान मानक के अनुरूप धान लाने लगे।
ऑनलाइन सिस्टम से नंबर आने पर किसानों ने अपना धान सरकारी केंद्रों पर बेचा। अभी तक सभी क्रय केंद्रों पर लक्ष्य 35 हजार मीट्रिक टन के सापेक्ष में 6800 किसानों से 36 हजार 700 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है जो लक्ष्य से चार फीसद अधिक है। इस साल धान उत्पादक किसानों के धान की जमकर खरीद होने से अधिकांश किसान इसकी सराहना कर रहे हैं।
-------
जो भी किसान मानक के अनुरूप धान सरकारी क्रय केंद्रों पर लेकर आए उनका धान खरीदा गया। जिन केंद्रों की शिकायतें आई थीं उन पर अधिकांश किसानों का धान मानक के अनुरूप नहीं पाया गया था। वहीं किसान धान को सुखाकर और साफ करके लाए तो उनका धान खरीदा गया। अभी धान की खरीद फरवरी तक जारी रहेगी।
संतोष कुमार पटेल, डिप्टी आरएमओ