दूसरे दिन भी श्रद्धा से मनाई गई मकर संक्रांति
जागरण संवाददाता इटावा पंचाग तिथि को लेकर दूसरे दिन भी काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने मकर
जागरण संवाददाता, इटावा : पंचाग तिथि को लेकर दूसरे दिन भी काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने मकर संक्रांति का पर्व मनाया। इसके तहत शहर में कई लोगों ने गरीबों को खिचड़ी खिलाकर कंबल प्रदान करके कड़ाके की सर्दी से बचाने के प्रयास में अहम भूमिका निभाई। नगर के कई मोहल्लों के श्रद्धालुओं ने मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की। खिचड़ी का भोग लगाकर इस प्रसाद के रूप में वितरण किया। इस पर्व की महत्ता बताते हुए सभी को दान के लिए प्रेरित किया। शहर के अलावा अन्य कई कस्बों तथा ग्रामों में भी दूसरे दिन यह पर्व काफी श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया।
संघ ने सामाजिक समरसता के रूप में मनाया पर्व
जसवंतनगर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा मकर संक्रांति उत्सव जीजीआईसी मैदान में धूमधाम से समरसता के रूप में मनाया गया। जिला संघ चालक रामनरेश शर्मा ने कहा कि संघ के आधा दर्जन उत्सवों में यह एक प्रमुख उत्सव है। संघ इसे सामाजिक समरसता के रूप में मनाता है। दलित, वंचितों को गुड़ व तिल से बनी तिलकुटिया की भांति आत्मीयता से जोड़कर संपूर्ण हिदू समाज को संगठित करना है। इस मौके पर स्वयं सेवकों ने मिलकर खिचड़ी बनाई व भोजन मंत्र के साथ उसे ग्रहण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बालकराम नगर संघ चालक द्वारा की गई। मुख्य शिक्षक विक्रम शंखवार, मोहित यादव द्वारा प्रार्थना की गई। मुख्य रूप से राजकुमार यादव, प्रबल प्रताप, वैभव भदौरिया सह नगरकार्यवाह, प्रदीप पांडेय रामरतन ने सहभागिता की।
---------
मंदिर पर किया गया खिचड़ी भोज
जासं, इटावा : सामाजिक संस्था एहसास के बैनर तले सुंदर कांड पाठ व खिचड़ी भोज का आयोजन कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए फ्रेंड्स कालोनी स्थित बटकेश्वर महादेव मंदिर में किया गया। भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री सोनिया सिंह चक का स्वागत किया गया। उनके द्वारा श्रद्धालुओं को खिचड़ी भोज वितरित किया गया। एहसास के अध्यक्ष अतुल चतुर्वेदी, विनोद कुमार, राजन तिवारी, जितेंद्र सिंह, राघवेंद्र त्रिपाठी कुक्कू आदि उपस्थित रहे। महेवा : ग्राम पंचायत उझियानी में आदर्श मंडल द्वारा जगह-जगह खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। आने-जाने वाले लोगों ने खिचड़ी का आनंद लिया। वहीं, पुराने मुगल रोड स्थित तालाब के पास देर शाम तक अनवरत खिचड़ी भोज कराया गया। लोगों ने दान पुण्य के लिए जगह-जगह खिचड़ी वितरण कराया। मयंक दुबे, भूपेंद्र तिवारी, हेमेंद्र वर्मा, संजय पांडे, उपेंद्र पोरवाल, वरद तिवारी, गौरव वर्मा, सौरभ तिवारी, नरेश पोरवाल, दिनेश कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।